Kannauj Crime: गमछे से गला कसकर नवविवाहिता की हत्या...आंख में नुकीली चीज से किया हमला, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
कन्नौज में गमछे से गला कसकर नवविवाहिता की हत्या कर दी गई
कन्नौज, अमृत विचार। एक नवविवाहिता की गला कसकर हत्या कर दी गई। सरायमीरा बाईपास स्थित निजी अस्पताल के पीछे रेलवे लाइन पार नाले में उसका शव पड़ा मिला। गले में गमछा कसा था। उसकी नई शादी होने का अनुमान लगाया जा रहा है क्यों कि वह लाल चूड़ी, लाल साड़ी, तोड़िया पहनने के साथ महावर लगाये थी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पहचान कराने का प्रयास किया। इसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम हाउस के लिए भेज दिया।
सोमवार की सुबह सदर कोतवाली क्षेत्र के अंबेडकरनगर में रेलवे लाइन पार कर नाले में एक 25 वर्षीय महिला का शव लोगों ने देखा। सूचना पर कोतवाली प्रभारी दिग्विजय सिंह व सरायमीरा चौकी प्रभारी शेखर सैनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को बाहर निकाला गया।
इस दौरान पाया कि महिला की एक आंख में किसी नुकीली चीज से हमला किया गया था जिससे आंख फूट चुकी थी। उससे खून निकल रहा था। गले में लाल रंग के गमछे से फंदा लगा था। पुलिस के अनुसार महिला की हाल ही में शादी हुई होगी। उसके पैर में कुछ दिन पहले की महावर थी तो नई तोड़िया भी थी। आसपास कई गांव के लोग मौके पर पहुंचे पर किसी ने उसकी पहचान नहीं की।
इससे अनुमान है कि महिला की हत्या किसी दूसरे स्थान पर करने के बाद शव को यहां लाकर नाले में डाला गया है। कोतवाली प्रभारी दिग्विजय सिंह का कहना है कि महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में सीओ सदर कमलेश कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंची फाेरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन किए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: सीटीआई के कुत्तें मांस खाने से हुए खूंखार, महापौर प्रमिला पांडये ने दुकानों पर चलवाया बुलडोजर
