पीलीभीत: हीट वेव से किसान पाठशालाओं पर लगा ग्रहण, नहीं होगा आयोजन...उप कृषि निदेशक ने लगाई रोक
पीलीभीत, अमृत विचार: उन्नतशील खेती एवं आमदनी दोगुनी करने को लेकर ग्राम पंचायतों में होने वाली किसान पाठशालाओं का आयोजन निरस्त कर दिया गया। बढ़ती गर्मी को देखते हुए शासन ने किसान पाठशालाओं के आयोजन पर रोक लगा दी है। जनपद में किसान पाठशालाओं का आयोजन सोमवार से किया जाना था। उप निदेशक कृषि ने अब किसान पाठशालाओं का आयोजन शासन के निर्देशानुसार आगामी तिथियों में कराया जाएगा।
कृषि विभाग की ओर से जनपद के सभी ब्लॉकों की 392 ग्राम पंचायतों में किसान पाठशालाओं का आयोजन किया जाना है। किसान पाठशालाओं का आयोजन 27 मई से शुरू होना था। दो सत्रों में आयोजित की जाने वाली किसान पाठशालाओं को लेकर सहायक तकनीकी प्रबंधक, ब्लॉक तकनीकी प्रबंधक, तकनीकी सहायक आदि को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका था।
इन किसान पाठशाला में किसानों को धान रोपाई , दलहन, तिलहन उत्पादन, प्राकृतिक खेती के सिद्धांत, कृषि विभाग की महत्वपूर्ण योजनाएं, श्री अन्न (मिलेट्स) के महत्व, उपयोगिता, पराली प्रबंधन, एफपीओ, डिजिटल क्रॉप सर्वे, आपदा प्रबंधन आदि की जानकारी दी जानी है। कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के अतिरिक्त समन्वय वाले विभागों उद्यान, गन्ना, पशुपालन, रेशम एवं मत्स्य आदि की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई थी।
इधर शासन ने सोमवार से शुरू होने वाली किसान पाठशालाओं के आयोजन पर रोक लगा दी। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक शासन ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए आयोजनों पर रोक लगाई है। अब इन किसान पाठशालाओं का आयोजन शासन के निर्देशानुसार आगामी तिथियों में कराया जाएगा।
