Auraiya: ससुराल आए युवक ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, गांव में फैली सनसनी, पुलिस ने शुरू की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

औरैया, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के रतनपुर में ससुराल में पत्नी को विदा कराने आए युवक ने पत्नी एवं ससुराली जनों से हुई कहासुनी के बाद तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। कोतवाली पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रतनपुर निवासी रघुवीर सिंह सेंगर ने अपनी पुत्री पूजा की शादी लगभग एक दशक पूर्व कमास एटा निवासी विक्रम सिंह के साथ की थी। पूजा बीते एक सप्ताह पूर्व अपने मायके रतनपुर आई थी। सोमवार को विक्रम पूजा को लेने अपनी ससुराल पहुंचा। तभी पति-पत्नी में विवाद होने लगा। आरोप है कि इसी बीच विक्रम ने पूजा पर तमंचे से फायर करने का प्रयास किया लेकिन पूजा ने भाग कर अपनी जान बचाई। 

बाद में विक्रम ने तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वहीं घर के बाहर दामाद का शव पड़ा मिला। साथ में शव के पास एक तमंचा और कारतूस भी मिले हैं। गोलीकांड से गांव में सनसनी फैली है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्रीकेश भारती ने बताया कि तहरीर मिलने पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- Exclusive: बोरियों में 500 ग्राम से डेढ़ किलोग्राम तक कम निकल रहा राशन, उचित दर विक्रेताओं के यहां तौल में पूरा नहीं होता खाद्यान्न

 

संबंधित समाचार