कासगंज : बिल बकाया बताकर काट दिया अधिवक्ता के घर का कनेक्शन, 6 विद्युत कर्मियों पर FIR

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

न्यायालय के आदेश से आधा दर्जन विद्युत कर्मियों पर दर्ज हुई एफआईआर

कासगंज, अमृत विचार। विद्युत चेकिंग एवं बकाया वसूली के लिए गई टीम ने शहर के मुहल्ला जय-जयराम में बिल जमा न होने के बावजूद भी बकाया बताकर अधिवक्ता के घर का विद्युत कनेक्शन काट दिया। विरोध करने पर अधिवक्ता के भाई के साथ मारपीट की। मामले में न्यायालय के आदेश से आधा दर्जन विद्युत कर्मियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ है। 

शहर के मुहल्ला जय जयराम में निवासी अधिवक्ता दुष्यंत गौतम के घर में 24 अप्रैल की दोपहर आधा दर्जन लोग घर में घुस आए। उन्होंने खुद को विद्युत विभाग में तैनात बताते हुए कहा कि बिजली का बिल जमा नहीं हुआ है। इसके साथ ही वह सीढ़ी लगाकर छत पर कनेक्शन काटने को चढ़ गए। 

उस दौरान घर पर मौजूद अधिवक्ता के भाई चेतन गौतम ने कहा कि बिल फोन पे के द्वारा आठ अप्रैल को ही जमा कर दिया है। साथ ही भाई ने उन्हें मोबाइल में बिल जमा करने के सबूत भी दिखाए। सबूत दिखाने के बाद भी बिजली कर्मियों ने विद्युत सप्लाई की केबल काट दी। जब ऐसा करने से मना किया तो आरोप है कि विद्युत कर्मियों ने उनके भाई चेतन गौतम के साथ मारपीट करने लगे। तभी चीख- पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाले लोग घर की ओर दौड़ पड़े। मुहल्ले के लोगों को देखकर सभी आरोपित भाग गए। सात ही घर से 15 फुट विद्युत केबल भी चोरी करके ले गए। 

अधिवक्ता दुष्यंत गौतम ने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो अधिवक्ता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। लगभग एक माह बाद अदालत के आदेश पर विद्युत विभाग के कर्मचारी लखपत, सौदान, दीपचंद्र, ब्रह्मानंद, पिंकू और राजीव कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। 

न्यायालय के आदेश पर संविदा विद्युत कर्मियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में विवेचना भी प्रारंभ हो गई है - अजीत चौहान, सीओ सिटी

ये भी पढ़ें- कासगंज: एक वर्ष का कार्यकाल पूरे होने पर पालिकाध्यक्ष का किया सम्मान, भेंट किए स्मृति चिन्ह 

संबंधित समाचार