बरेली: बुजुर्ग महिला को लूटने वाले दो बदमाश सीसीटीवी फुटेज में कैद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दोनों ने ढके थे चेहरे, पुलिस बोली महिला के जानकार हो सकते हैं बदमाश

बरेली, अमृत विचार। सैनिक कॉलोनी में बुजुर्ग महिला अवधेश को बंधक बनाकर लूटपाट करने वालों की पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से तलाश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज में दो बदमाश कैद हुए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक दोनों लुटेरे महिला को पहले से जानते होंगे और घर के अंदर और बाहर की स्थिति भी पूरी तरह से जानते होंगे।

इज्जतनगर थाना क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी में अवधेश को सोमवार की दोपहर दो नकाबपोश बदमाशों ने बंधक बना कर उनकी सोने की चेन, कुंडल, मोबाइल और घर में रखी नकदी लूट ली थी। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके चेहरे पर ईंट से हमला कर दिया था और उन्हें कमरे में बंद कर दिया था। पुलिस ने जब घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो उसमें दो बदमाश कैद हुए हैं। दोनों ने चेहरे कपड़े से ढके हैं। पुलिस के मुताबिक बुजुर्ग अवधेश घर में अकेली रहती हैं, इसकी बदमाशों को पूरी जानकारी होगी। यही वजह है कि बदमाशों ने आराम से घर की कुंडी खटखटाई। अवधेश को लगा कि कि कोई जानकार या फिर सौदा खरीदने के लिए आया होगा। दरवाजा खोलते ही बदमाशों ने उन्हें बंधक बना लिया।

दो लुटेरे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। जिस तरीके से दिन में लूटपाट की गई है, उससे लग रहा है कि दोनों बुजुर्ग महिला के जानकार हैं -जयशंकर सिंह, थाना प्रभारी इज्जतनगर

ये भी पढे़ं- 

संबंधित समाचार