Bareilly News: नगर निगम की टीम ने सेटेलाइट पर हटाया अतिक्रमण, फिर सजीं दुकानें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। परिवहन निगम के अधिकारियों की शिकायत पर नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने बुधवार को सेटेलाइट बस अड्डे के पास अतिक्रमण हटाया। सड़क किनारे और फुटपाथ से दुकानों को हटाया गया। टीम को देखकर कुछ समय के लिए दुकानदारों ने अपने-अपने ठेले गलियों में जाकर लगा दिए लेकिन टीम के वापस जाते ही फिर दुकानें सज गईं।

प्रवर्तन टीम बुधवार दोपहर सेटेलाइट बस अड्डे के पास पहुंची तो पीलीभीत बाईपास पर सड़क और फुटपाथ पर कई दुकानें ठेलों और खोखों में लगी थीं। टीम ने दुकानों के काउंटर हटाने शुरू किए तो दुकानदार अपना-अपना सामान लेकर भागने लगे। कुछ ने ठेले और खोखे कटरा चांद खां मोहल्ले को जाने वाली गली में लगा लिए। टीम ने करीब चार जगहों पर सामान जब्त कर लिया। 

कुछ दुकानदारों ने सड़क पर अतिक्रमण कर प्लास्टिक लगा रखी थी, जिसे टीम ने नष्ट कर दिया। कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल रहा लेकिन टीम के जाने के बाद शाम को फिर से अतिक्रमण कर दुकानें लग गईं। अतिक्रमण हटाओ दस्ते के प्रभारी ललतेश कुमार सक्सेना ने बताया कि शहर के कई जगहों पर अभियान चलाया जा रहा है। अतिक्रमण करने वालों का चालान कर जुर्माना लगाया जा रहा है।

चौकी के पास ही सड़क पर लगती हैं दुकानें
पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर सेटेलाइट बस अड्डे के पास अतिक्रमण करने वालों की गहरी जड़े हैं। करीब 40 से 50 खोखे और ठेले सड़क और फुटपाथ पर खड़े होते हैं। इसकी वजह से जाम भी लगता है। कुछ दुकानें देर रात तक खुलती हैं। यहां पर नशा करने वाले जमे रहते हैं। कई बार इसको लेकर मारपीट की घटनाएं भी हो चुकी हैं लेकिन इन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

ये भी पढे़ं- खबर का असर: ओपीडी परिसर में लगे जंबो कूलर, मरीजों को गर्मी से मिली राहत

 

 

 

संबंधित समाचार