खबर का असर: ओपीडी परिसर में लगे जंबो कूलर, मरीजों को गर्मी से मिली राहत
जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए मंगवाया गया जंबो कूलर
बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल की ओपीडी में जंबो कूलर लगने से मरीजों को गर्मी से राहत मिली है। दरअसल, अस्पताल परिसर में गर्मी से बचाव के इंतजाम नाकाफी थे। भीषण गर्मी में मरीजों को दिक्कत हो रही थी। एक दिन पहले ओपीडी में तीन मरीज बेहोश होकर गिर पड़े थे। अमृत विचार ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
इसके बाद अस्पताल प्रशासन की नींद टूटी और गर्मी से बचाव के इंतजामों को दुरुस्त किया गया। एडीएसआईसी डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि ओपीडी परिसर में दो जंबो कूलर लगवा दिए हैं। पर्चा काउंटर और पैथोलॉजी लैब में भी कूलर लगवाए जाएंगे। उधर, जिला महिला अस्पताल के 40 बेड के पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में दो और कूलर लगवा दिए गए हैं। यहां 32 प्रसूताएं भर्ती हैं। पहले यहां सिर्फ एक कूलर था।
ये भी पढे़ं- पीएम मोदी की नीयत पर शक नहीं, उन्हें पसंद करते हैं मुसलमान- मौलाना शहाबुद्दीन
