आगरा: खेत से खरबूज तोड़ने के शक में मालिक ने मासूम को ईंट से कूचकर मार डाला, बेटी का शव गोद में लेकर थाने पहुंची मां

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

आगरा। यूपी के आगरा से एक खेत मालिक की क्रूरता का मामला सामने आया है। यहां खेत से खरबूज तोड़ने के शक में खेत मालिक ने मासूम को सिर में ईंट मार दी। जिससे मासूम लहूलुहान होकर खेत की मेड़ पर तड़पती रही, लेकिन उसने रहम नहीं किया। 

बता दें शमसाबाद क्षेत्र के गांव हुमायूंपुर के रहने वाले सुभाष गुरुग्राम में हलवाई का काम करते हैं। वह अपने घर से आठ सौ मीटर की दूरी पर स्थित रोहई के रहने वाले हरिओम शर्मा के खेत से खरबूज खरीदने गए थे। थोड़ी देर बाद ही उनकी चार साल की बेटी खुशबू भी उनके पीछे-पीछे खेत की ओर चली गई। तब उन्हें इसकी जानकारी नहीं हुई। वहीं सुभाष खरबूज खरीदने के बाद घर चले गए। खुशबू उन्हें रास्ते में भी नहीं दिखी। थोड़ी देर बाद जब उन्हें खुशबू घर में नहीं दिखी तो उन्होंने तलाश की। सुभाष के चचेरे भाई टिंकू ने खुशबू को हरिओम के खेत की मेड़ पर लहूलुहान पड़ा देखा। पास में ही ईंट पड़ी थी।

सुभाष ने बताया कि उस समय खुशबू की सांसें चल रही थीं। वे उसे लेकर शमसाबाद पहुंचे। यहां से जीआर हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। मगर, वहां पहुंचने से पहले ही खुशबू ने दम तोड़ दिया था। रात नौ बजे खुशबू का शव गोद में लेकर मां सुमिता थाना शमसाबाद पहुंच गईं। इसके बाद सुभाष ने हरिओम के खिलाफ हत्या की तहरीर दी।

आरोप है कि हरिओम और उनके पिता ने पहले ही उन्हें धमकी दी थी कि बच्चों को खेत न आने दें। नहीं तो अच्छा नहीं होगा। वहीं सुभाष का आरोप है कि उनकी खुशबू अबोध थी। उनके पीछे-पीछे खरबूज लेने खेत पर गई थी और वहीं रुक गई। खरबूज तोड़ने के शक पर हरिओम ने उसकी हत्या की है। इस मामले में डीसीपी पूर्वी अतुल शर्मा ने बताया कि स्वजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

ये भी पढे़ं- आगरा में मस्जिद के अंदर मिला खून से लथपथ महिला का शव, लोगों में आक्रोश

 

संबंधित समाचार