रामपुर: ट्रॉली के नीचे दबकर मजदूर की मौत, घर में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस ने  पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव 

सैदनगर, अमृत विचार। अजीम नगर थाना क्षेत्र में ट्रॉली के नीचे दबकर किशोर मजदूर की मौत हो गई। किशोर रामपुर से ट्राली में गोबर भरवा कर वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

अजीमनगर के मंसूरपुर गांव निवासी आले हसन का बेटा 16 वर्षीय शान अली घर पर ही रहकर मजदूरी का कार्य करता था। गुरुवार सुबह  शान अली मजदूरी पर ट्राली में गोबर भरवाने के लिए रामपुर गया था। दोपहर बाद किशोर ट्रैक्टर पर बैठकर वापस अपने घर आ रहा था। बताते हैं कि मंसूरपुर गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक को देख ट्रैक्टर चालक ने ब्रेक लगा दिए ब्रेक लगाते ही ट्रैक्टर-ट्राली सड़क किनारे गड्ढे में चली गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर पर बैठा किशोर ट्रॉली के पहिए के नीचे दब गया। 

शोर-शराबा होने पर आसपास के तमाम लोग मौके पर आ गए। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे किशोर को बाहर निकल गया। लेकिन तब तक शान अली की मौत हो चुकी थी। किशोर की मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल की ओर दौड़ने लगे। हादसे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने  शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक पवनवीर सिंह राणा ने बताया तहरीर मिलने के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- आजम खां को बड़ा झटका, डूंगरपुर मामले में दस वर्ष की कैद, 14 लाख का लगा जुर्माना

संबंधित समाचार