कासगंज: सुबह-शाम फुल तो दोपहर को खाली दौड़ रही निगम की बसें, तेज धूप से बस स्टैंड पर पसरता है सन्नाटा  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

झुलसा देने वाली गर्मी के कारण बसों में यात्रा करने से कतरा रहे लोग 

कासगंज, अमृत विचार। झुलसा देने वाली गर्मी से आम जन-जीवन अस्तव्यस्त है। इसका प्रभाव यात्रियों पर भी पड़ रह है। निगम की बसें तेज दोपहरी में खाली दौड़ रही हैं। जबकि सुबह और शाम बसों में यात्री दिखाई दे रहे हैं। धूप की तपन के कारण दोपहर को शहर के रोडवेज बस स्टैंड पर सन्नाटा पसर जाता है। यात्री नजर नहीं आते। बसें ही खड़ी नजर आती है। 

इन दिनों नौतपा के चलते बदन झुलसा देने वाली गर्मी चरम पर है। लोग बिना जरूरी कार्य के घरों से नहीं निकल रहे हैं। आम कारोबार प्रभावित है तो निगम पर भी इसका प्रभाव पड़ रहा है। सुबह और शाम को चलने वाली बसों में सवारियां फुल दिखाई देती है। जबकि धूप बढ़ते ही सड़कों पर खाली बसें दौड़ती दिखाई देती है और बस स्टैंड पर भी सन्नाटा पसर जाता है। 

यात्रियों की संख्या न होने पर चालक परिचालक भी डिपो के अंदर आराम करते हैं। रोडवेज बस परिसर में यात्री तो दोपहर में दिखाई ही नहीं देते हैं। इसका प्रभाव डिपो की आय पर भी पड़ रहा है। डिपो के चालक परिचालकों की मानें तो गर्मी के दिनों में दोपहर में यात्रियों की संख्या कम ही रहती है, लेकिन इस वर्ष गर्मी का कहर अधिक है। लिहाजा यात्री दिखाई ही नहीं दे रहे हैं। लोग सुबह और रात की बसों में यात्रा करना पसंद कर रहे हैं। 

गर्मी के दिनों में आय में कुछ तो कमी आ ही जाती है। सुबह और रात की बसों में पर्याप्त यात्री यात्रा कर रहे हैं। दोपहर को चलने वाली बसों में यात्रियों की संख्या बहुत कम है। मानसून के बाद स्थिति में सुधार होगा - ओउम प्रकाश, एआरएम

ये भी पढ़ें- कासगंज: बीज विक्रेताओं के यहां कृषि विभाग की जिले भर में छापेमारी 

संबंधित समाचार