लापरवाही: पांच की क्षमता वाली एबीसी लाइन से कर दिये 50 कनेक्शन, आए दिन फाल्ट के बाद टूटकर गिर जाता है केबल
बाराबंकी, अमृत विचार। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड बाराबंकी की लापरवाह कार्यशैली विद्युत उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है। महीनों से लगातार व बार-बार अनुरोध करने के बावजूद अधिशासी अभियंता ने का दिल नहीं पसीजा, जिसका खामियाजा पल्हरी वार्ड के शिव विहार कॉलोनी में लगभग आधा सैकड़ा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
शिव विहार कालोनी के निवासी व सामाजिक कार्यकर्ता रत्नेश कुमार ने वर्ष 2016 में अपना मकान बनवाया और जब बिजली का कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया तो विभाग के जेई ने बताया कि आपके घर से 260 मीटर दूरी पर ट्रांसफार्मर है, आपके निजी खर्चे से ही विभाग आपके घर तक बिजली लाइन खिंचवा सकता है। रत्नेश कुमार ने विभाग के स्टीमेट पर 17 हजार रुपये जमा करके अपने घर तक एबीसी लाइन खिंचवाकर बिजली कनेक्शन लिया। जेई ने धीरे-धीरे कालोनी में बनने वाले लगभग 50 मकानों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में इसी एबीसी लाइन से बिजली कनेक्शन जुड़वा दिया। जहां इस एबीसी लाइन की चार-पांच कनेक्शन की ही क्षमता है, वहीं लाइन मैन व जेई ने उपभोक्ताओं से पैसे लेकर एक ही एबीसी लाइन में 50 कनेक्शन जोड़ दिए। जिससे लाइन पर अत्यधिक लोड बढ़ने से लो वोल्टेज की समस्या के साथ ही हर तीसरे चौथे दिन एबीसी लाइन फाल्ट के बाद कटकर गिर जाती है। जिससे बड़े जोखिम का खतरा बना रहता है। रत्नेश कुमार के दरवाजे पर तीन बार बिजली का तार कटकर गिर चुका है।
रत्नेश कुमार ने बताया इस समस्या से निजात पाने के लिए थ्री फेस विद्युतीकरण अथवा दूसरी एबीसी लाइन खींचने के लिए अधिशासी अभियंता अंशुमान यादव को कई प्रार्थना पत्र दिए, मौखिक से अनुरोध किया, टेलीफोन से सैकड़ों बार निवेदन किया और जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत की। लेकिन अधिशासी अभियंता पर कोई फर्क नही पड़ रहा है। जिसके चलते इस भयंकर गर्मी में हर दूसरे दिन बिजली लाइन का तार कट कर गिर जा रहा है। जिसे जुड़वाने के लिए घंटो मशक्कत करनी पड़ती है। फिर भी लाइन मैन व जेई राकेश यादव द्वारा समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
बिजली विभाग की इस कार्यशैली से शिव विहार कालोनी के निवासी परेशान हैं। वहीं इस संबंध में बाराबंकी डिवीजन के अधिशासी अभियंता विद्युत अंशुमान यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। नया केबल खिंचवाने के लिये निरीक्षण करवा रहे हैं। जल्द ही समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें -श्रावस्ती: डीएम ने संयुक्त जिला चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण, कई चिकित्सक नदारद-दिए निर्देश
