Gonda fortuner accident: घायल महिला के बेटे ने दी तहरीर, लिखा- भाजपा प्रत्याशी करण भूषण के काफिले में शामिल कार ने मारी ठोकर
करनैलगंज/गोंडा, अमृत विचार। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के हुजूरपुर मार्ग पर भाजपा प्रत्याशी करण भूषण सिंह के काफिले की कार से हुए सड़क हादसे के मामले में एक और मोड़ आ गया है । अब हादसे में घायल हुई महिला के बेटे ने करनैलगंज पुलिस को तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पीडित महिला के बेटे ने तहरीर में लिखा है कि भाजपा प्रत्याशी करण भूषण सिंह के काफिले में शामिल कार ने उसकी मां को ठोकर मारी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयीं। इसके पहले बृहस्पतिवार को हादसे पर सफाई देते हुए करण भूषण ने कहा था कि बाइक सवार युवकों ने पहले महिला को ठोकर मारी। इसके बाद वह सड़क पर गिर गए थे। इसी दौरान उनके साथ चल रही कार से युवक कुचल गए। लेकिन घायल महिला के बेटे की तहरीर ने करण भूषण की कहानी पर सवाल खड़ा कर दिया है।
भाजपा प्रत्याशी व सांसद बृजभूषण के बेटे करण भूषण सिंह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। अभी उनके काफिले की कार की टक्कर से मारे गए निंदूरा गांव के दो युवकों का मामला ठंडा भी नहीं हुआ है कि शुक्रवार को उसी दुर्घटना में घायल महिला के बेटे ने भी मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसकी मां काफिले की कार से ही घायल हुई है।
बीते बुधवार को भाजपा प्रत्याशी व सांसद बृजभूषण के बेटे अपने काफिले के साथ करनैलगंज से बहराइच की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हुजूरपुर रेलवे क्रासिंग से आगे उनके काफिले की एक कार अनियंत्रित होकर दो युवकों को कुचलते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस घटना में एक महिला सीतादेवी भी गंभीर रूप से घायल हुई थी। युवकों की मौत के बाद से ही मामला काफी गरमाया हुआ है। मामले का एफआईआर मारे गए युवकों की मां चंदा बेगम ने कोतवाली में दर्ज करायी है। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज गोंडा में चल रहा था। अभी तक दर्ज एफआईआर में घायल महिला सीता देवी का नाम नहीं आया था।
उधर अपनी सफाई में भाजपा प्रत्याशी करण भूषण ने मीडिया में बयान दिया कि सड़क पार कर रही महिला सीता देवी की टक्कर बाइक सवार दोनों युवकों से हुई थी, जिससे यह दुर्घटना घटी। लेकिन शुक्रवार को घायल महिला सीता देवी के बेटे दिनेश मिश्रा ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसकी माता सीता देवी अपने घर के दरवाजे पर बैठी हुई थी तभी करनैलगंज की ओर से फॉर्चूनर कार यूपी 32 एच डब्ल्यू 1800 तेज रफ्तार से आकर उन्हे ठोकर मार दी। फॉर्चूनर कार भाजपा प्रत्याशी करण भूषण के काफिले की है। जिससे उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। सीता देवी के बेटे ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाल बोले- नहीं मिली तहरीर
इस हाई प्रोफाइल घटना को लेकर करनैलगंज पुलिस भी फूंक फूंक कर कदम रख रही है। मामला सत्ता पक्ष से जुड़ा होने के कारण पुलिस के हाथ बंधे नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि पुलिस इस मुद्दे पर खामोश है। घायल महिला के बेटे की तरफ से दी गयी तहरीर के बारे जब कोतवाल निर्भय नारायण सिंह से जानकारी की गयी तो उन्होने इस प्रकार की कोई तहरीर मिलने से ही इंकार कर दिया। जबकि घायल सीता देवी के बेटे दिनेश मिश्रा ने बताया कि उन्होंने खुद कोतवाल निर्भय नारायण सिंह के हाथ में तहरीर दिया है।
ये भी पढ़ें -सूरज हत्याकांड: फोन कर बुलाया, शराब पिलायी और तार से गला कसकर मार डाला...
