बरेली: तीन लाख बैंक खातों में लावारिस पड़े हैं 430 करोड़, RBI ने जारी की रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वित्तीय वर्ष 2023-24 में करीब 27 हजार खातों में 45 करोड़ की धनराशि चिह्नित

शिवांग पांडेय/बरेली, अमृत विचार। जिले के करीब तीन लाख लावारिस बैंक खातों में 430 करोड़ से ज्यादा धनराशि पड़ी हुई है। इन खातों में काफी वक्त से कोई लेनदेन नहीं हुआ। न ही दस साल से ज्यादा समय से इनमें मौजूद पैसे पर किसी खाताधारक ने दावा किया है, न उसके किसी कानूनी उत्तराधिकारी ने। इनमें करीब 27 हजार बैंक खाते 2023-24 में ही चिह्नित किए गए हैं जिनमें 45 करोड़ से ज्यादा धनराशि पड़ी हुई है।

बरेली जिले के ये आंकड़े भारतीय रिजर्व बैंक की ताजा रिपोर्ट में दिए गए हैं जो बृहस्पतिवार को ही जारी की गई है। इसके मुताबिक जिन खातों में 430 करोड़ की धनराशि लावारिस पड़ी हुई है, वे सार्वजनिक क्षेत्र. निजी और सहकारी तीनों श्रेणी की बैंक शाखाओं में हैं। दरअसल, भारतीय रिजर्व बैंक हर साल ऐसे खातों को चिह्नित कर रिपोर्ट जारी करता है। वित्तीय वर्ष 2023-24 खत्म होने के बाद ताजा रिपोर्ट जारी की गई है। इस साल में लावारिस खातों में 26,751 का नया आंकड़ा और 45 करोड़ की धनराशि जुड़ी है।

बैंक अधिकारियों के मुताबिक किसी भी बैंक खाते में 10 साल से ज्यादा वक्त से कोई लेनदेन न होने पर माना जाता है कि ग्राहक खाता खुलवाने के बाद उसमें जमा धनराशि को भूल गया या उसकी मृत्यु हो गई और अब उन खातों में मौजूद धनराशि का कोई लेनदार नहीं है। एलडीएम वीके अरोरा ने बताया कि आरबीआई के नियमों के मुताबिक दस साल तक खातों के निष्क्रिय रहने के बाद उसमें जमा धनराशि आरबीआई के डेफ यानी डिपॉजिटर एजुकेशन एंड अवेयरनेस फंड खाते में स्थानांतरित कर दी जाती है। इसके बाद यह पैसा चैरिटी के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

सर्वाधिक लावारिस पैसा एफडी और आरडी खातों में बैंक अधिकारियों के मुताबिक जिले में सबसे ज्यादा लावारिस पैसा फिक्स डिपॉजिट और रेकरिंग डिपॉजिट यानी आरडी खातों में हैं। हालांकि इस बात का आंकलन नहीं किया गया है कि लावारिस पड़े कुल 430 करोड़ में से इन खातों में कितनी धनराशि है। उन्होंने बताया कि अगर दस साल के बाद भी कोई लावारिस घोषित कर डेफ खाते में स्थानांतरित की गई धनराशि पर दावा करता है तो बैंक उसका पैसा अदा करते हैं, हालांकि इसके लिए अलग प्रक्रिया होती है।

ये भी पढ़ें- बरेली: तपती गर्मी से झुलस रहा लोगों का शरीर, हो रही त्वचा संबंधित समस्या

संबंधित समाचार