मुरादाबाद: अगवानपुर चौकी इंचार्ज समेत दो पुलिसकर्मी निलंबित
मुरादाबाद,अमृत विचार। मकान से कब्जा खाली करवाने के नाम पर रिश्वत लेने के मामले में अगवानपुर चौकी इंचार्ज समेत दो पुलिस कर्मी फंस गए हैं। सीओ सिविल लाइंस की जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसएसपी ने दोनों को निलंबित कर दिया है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की अगवानपुर चौकी क्षेत्र का है। विकास …
मुरादाबाद,अमृत विचार। मकान से कब्जा खाली करवाने के नाम पर रिश्वत लेने के मामले में अगवानपुर चौकी इंचार्ज समेत दो पुलिस कर्मी फंस गए हैं। सीओ सिविल लाइंस की जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसएसपी ने दोनों को निलंबित कर दिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की अगवानपुर चौकी क्षेत्र का है। विकास कुमार यहां पर काफी समय से बतौर चौकी इंचार्ज तैनात थे। बताया जाता है कि चौकी क्षेत्र के एक मकान पर किसी ने कब्जा कर लिया। इसकी शिकायत संबंधित ने चौकी में आकर की। बाद में मकान खाली करवाने के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगी।
बताया जाता है कि बात तय होने के बाद उसने चौकी इंचार्ज और यहीं पर तैनात एक सिपाही को रकम दे दी। इसके बाद भी उसके मकान से कब्जा नहीं हट सका। कई दफा चौकी के चक्कर काटने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो इस मामले की शिकायत एसएसपी से कर दी गई। उन्होंने सीओ सिविल लाइंस कुलदीप सिंह गुनावत को जांच सौंप दी। गोपनीय तरीके से हुई जांच में चौकी इंचार्ज विकास कुमार और सिपाही रोहित कुमार पर लगे आरोप सही पाए गए। इसके बाद उन्होंने रिपोर्ट एसएसपी को सौंप दी। रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने दोनों को निलंबित कर दिया है।
