अमरोहा: बेटे का रिकवरी वारंट लेकर घर पहुंची पुलिस, जानकारी मिलते ही मां को आया हार्ट अटैक
अमरोहा,अमृत विचार: बेटे का रिकवरी वारंट लेकर घर पहुंची पुलिस की जानकारी मिलते ही मां को हार्ट अटैक आ गया। परिजन उपचार दिलाने के लिए आनन-फानन में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोग एकत्रित हो गए जिसके बाद परिजनों ने पुलिस पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हालांकि पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र में कैलसा मार्ग स्थित विवेकानंद कॉलोनी का है। दरअसल यहां के निवासी राकेश की अपनी पत्नी से मुकदमेबाजी चल रही है। विवाद फैमिली कोर्ट में विचाराधीन है। कोर्ट से राकेश का पत्नी के खर्चे से जुड़ा रिकवरी वारंट जारी हुआ था। गुरूवार को मुरादाबाद गेट चौकी प्रभारी अनूप कुमार पुलिस टीम के साथ रिकवरी वारंट की तामील कराने के लिए राकेश के घर पहुंचे थे।
पुलिस घर की चौखट पर खड़ी थी ि कइस दौरान घर में मौजूद राकेश की 55 वर्षीय मां मूर्ति देवी को हार्ट अटैक आ गया। मूर्ति देवी बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। परिजनों के बीच चीख पुकार मच गई। हार्ट अटैक की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी उल्टे पांव वापस लौट गए।
परिजन मूर्ति देवी को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को अस्पताल से घर ले आए और पुलिस पर धमकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।
मोहल्ले के लोग एकत्रित हो गए।सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, मामले की छानबीन की। सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मृतक महिला के बेटा का अपनी पत्नी से विवाद है।
फैमिली कोर्ट से आए रिकवरी वारंट को तामिल कराने के लिए सुबह के समय पुलिस उसके घर गई। थी। जबकि, महिला को हार्ट अटैक शाम में आया है। फिल्हाल महिला के शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि उनकी पहले से ही तबियत खराब रह रही थी।
ये भी पढ़ें- अमरोहा : दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की कैद, कोर्ट ने 43 हजार का जुर्माना भी लगाया
