बरेली: गर्मी से परेशान एमबीए के छात्रों ने परीक्षा टालने को परीक्षा नियंत्रक का किया घेराव
विद्यार्थी परिषद की अगुवाई में तीन घंटे तक जमकर की नारेबाजी
बरेली, अमृत विचार। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के एमबीए छात्रों ने गर्मी की वजह से परीक्षा टालने की मांग करते हुए दूसरे दिन शुक्रवार को भी परीक्षा नियंत्रक का घेराव किया। विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में छात्रों ने तीन घंटे तक जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। परीक्षा नियंत्रक ने 1, 7 और 12 जून को होने वाले प्रश्नपत्रों की परीक्षा आगे कराने का आश्वासन दिया तब छात्र शांत हुए।
एमबीए के ज्यादातर छात्र- छात्राएं विश्वविद्यालय परिसर के छात्रावास में रहते हैं। कुछ छात्र-छात्राओं का कहना है कि गर्मी और बिजली कटौती की वजह से परीक्षा की तैयारी नहीं हो रही है, इसलिए अभी परीक्षा टालकर आगे बढ़ाई जाए। छात्रों ने इससे पहले विभागाध्यक्ष और कुलपति से मिलकर भी परीक्षा टालने की मांग की थी, लेकिन सेशन में देरी की बात कहकर परीक्षा नहीं टाली गई।
शुक्रवार को छात्र-छात्राएं विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार के पास पहुंचीं और परीक्षा टालने की मांग की। काफी देर के हंगामे के बाद भी, जब परीक्षा नियंत्रक ने परीक्षा टालने से इन्कार किया तो फिर से हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने मैत्रीय छात्रावास की बिजली पानी समस्याएं बताईं तो वार्डन को परीक्षा नियंत्रक के कक्ष में बुला लिया। वार्डन ने एक दिन का समय मांगते हुए समस्या का निदान कराने की बात कही।
महानगर संगठन मंत्री अवनी यादव ने कहा कि भीषण गर्मी में विश्वविद्यालय छात्रों का शोषण कर रहा है, इसे विद्यार्थी परिषद कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। महानगर मंत्री श्रेयांश वाजपेयी, नितिन महेश्वरी, आनंद कठेरिया, हर्षित चौधरी, दक्ष गंगवार, संदीप सागर, लकी शर्मा, दीपू यादव, रवि प्रताप सिंह, विकास शर्मा आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें- बरेली: हाउस टैक्स के बिल अपडेट, ट्रायल के लिए खोली साइट
