मेरठ: बच्चा चोर गैंग ने दो महीने के मासूम को किया चोरी, कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने मुजफ्फरनगर से किया बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मेरठ। यूपी के मेरठ से एक बच्चा चोरी की घटना सामने आई है। यहां लालकुर्ती पैठ बाजार से शुक्रवार सुबह बच्चा चोरी गैंग की सक्रिय महिला ने दो महीने का बच्चा चोरी कर लिया। इसके बाद वह बच्चे को लेकर मुजफ्फरनगर चली गई। मुजफ्फरनगर पुलिस और मेरठ की लालकुर्ती पुलिस ने सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को बरामद कर लिया और दो बहन समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।

बता दें यह बच्चा दिल्ली के एक परिवार को दो लाख रुपये में बेचने के लिए चोरी किया गया था। गैंग के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली में दबिश दी जा रही है। बच्चा चोरी करने वाली महिला नकली नोट के धंधे में भी संलिप्त रही है। 

सदर बाजार थाना क्षेत्र के रजबन निवासी राजबाला की बेटी अंकिता की शादी 2018 में सहारनपुर के गंगोचक में अमित के साथ हुई थी। अंकिता के दो बेटे और दो बेटी हैं। अंकिता ने दो माह पहले ही बेटे को जन्म दिया था। गुरुवार रात को अंकिता अपने मायके आई थी। रात को ही मीनू उर्फ राधा उर्फ राधिका निवासी देवबंद भी राजबाला के घर बच्चे की बधाई देने पहुंची।

इसके बाद शुक्रवार को राधिका अंकिता को सूट और बच्चे को कपड़े दिलाने के बहाने लालकुर्ती पैंठ बाजार ले गई। यहां पर अंकिता को सूट खरीदवाने के बाद दो महीने का बच्चा चोरी करके राधिका भाग गई। अंकिता और राजबाला पहले तो राधिका को फोन करती रहीं फोन नहीं लगा। मां-बेटी की सूचना पर लालकुर्ती पैंठ चौकी पुलिस भी हरकत में आ गई। सर्विलांस के माध्यम से राधिका की लोकेशन मुजफ्फरनगर की तरफ मिली। 

लालकुर्ती पुलिस ने मुजफ्फरनगर पुलिस को अलर्ट कर दिया। जिसके बाद मुजफ्फरनगर की सिविल लाइन और मेरठ पुलिस ने सात घंटे में उत्तरी रामपुरी मोहल्ले से राधिका की बड़ी बहन अनिता के घर से दूधमुंहे बच्चे को बरामद कर लिया और राधिका, अनिता और एक अन्य महिला अन्नू को गिरफ्तार किया। 

दोनों बहनों से पूछताछ की गई तो पता चला कि वह इस बच्चे को दिल्ली के एक परिवार को दो लाख रुपये में बेचने वाली थी। दिल्ली की ही सीमा नाम की महिला बिचौलिया थी। इस गैंग के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है। उधर, मुजफ्फरनगर एसएसपी अभिषेक सिंह ने थाना सिविल लाइन पुलिस को दस हजार रुपये इनाम दिया है।

ये भी पढे़ं- मेरठ: AC की वजह मेडिकल कॉलेज में लगी आग, लाखों का नुकसान

 

संबंधित समाचार