Kanpur: सिग्नेचर सिटी स्टेशन से नए रूटों पर चलेंगी बसें, यात्रियों को ई-सिटी बसों की भी मिलेगी सुविधा
कानपुर, अमृत विचार। सिंग्नेचर सिटी बस अड्डे से जल्द ही यात्रियों को नए रूट की बसें भी मिल सकेंगी। रोडवेज प्रशासन की ओर से बस अड्डे में यात्रियों की संख्या को बढ़ाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। फिलहाल इस बस अड्डे से सिर्फ बिधूना के लिए 18 बसों का संचालन हो रहा है। इस बस अड्डे से लखनऊ के लिए भी बसें चलाई जाएंगी। सेटेलाइट बस अड्डे के रूप में बने सिग्नेचर सिटी बस अड्डा से जल्द ही अन्य रूट की बसें मिल सकेंगी।
अधिकारियों की माने तो चुनाव में गई बसों के वापस आते ही नए रूट का खाका खींच कर बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। चुनाव में रोडवेज की 211 बसें लगाई गईं थीं। इनमें से 189 बसें अभी वापस आनी हैं। इन बसों के वापस आते ही सबसे पहले लखनऊ के लिए बसों का संचालन किया जाएगा।
इसके अलावा अन्य रूटों के लिए विभाग की ओर से सर्वे कार्य चल रहा है। योजना है कि जून के अंतिम सप्ताह से पांच नए रूटों पर बसों का संचालन किया जाएगा। आरएम रोडवेज अनिल कुमार ने बताया कि बस अड्डे से यात्रियों को और रूटों की बसों की सुविधा मिल सकेगी।
ई-सिटी बसों की सुविधा भी
ई-सिटी बसें भी इस बस स्टेशन से जोड़ने की योजना है। अधिकारियों का मानना है कि इससे रोडवेज की बसों से आने व जाने वाले यात्रियों को शहर आने व बस अड्डे तक पहुंचने में भी सुविधा हो सकेगी। सर्वे रिपोर्ट के बाद इसकी योजना फाइनल की जाएगी।
