लखीमपुर-खीरी: पेड़ से लटका मिला शख्स का शव, किशोरी के अपहरण मामले में था आरोपी
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: किशोरी के अपहरण के मामले में नामजद थाना नीमगांव के गांव बहादुरपुरा निवासी नत्थू सिंह (55) का शव थाना मितौली क्षेत्र में स्थित एक आम की बाग में पेड़ से लटका बरामद हुआ है। परिवार वालों का आरोप है कि पुलिस किशोरी को बरामद करने के लिए उन पर मानसिक दबाव बना रही थी। वहीं मृतक का दामाद भी मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था, जबकि उसकी विवाहित पुत्री भी किशोरी के साथ ही गायब है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव बहादुरपुरा निवासी एक व्यक्ति की 14 वर्षीय ने गांव के ही नत्थू सिंह, उसकी विवाहित पुत्री छोटी बिटिया पत्नी सुकंजी सिंह, पत्नी, गोलू सिंह व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें कहा गया था कि 14 मई की रात छोटी बिटिया उसकी 14 वर्षीय उसके घर में ही पुत्री के साथ लेटी हुई थी। तड़के चार बजे वह उसकी पुत्री को बहला फुसलाकर किसी परिचित के साथ शादी करने के उद्देश्य से ले गई है।
पुलिस ने 17 मई को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस नत्थू सिंह पर किशोरी को बरामद करने का दबाव बना रही थी। शुक्रवार को भी पुलिस उसके घर गई थी। इससे वह काफी मानसिक दबाव में थे। वह देर शाम किसी समय घर से चले गए। उनका शव शनिवार की सुबह थाना मितौली क्षेत्र में गांव पहाड़ा में स्थित बाग के एक आम के पेड़ से लटका देखा गया।
शव मिलने से उसके परिवार में चीख पुकार मच गई। रोते-बिलखते परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची मितौली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना को लेकर तरह क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है।
पुत्र ने बहनोई पर लगाया प्रताड़ित करने का आरोप, दी तहरीर
बेहजम, अमृत विचार: मृतक के पुत्र मुन्ना सिंह ने अपने बहनोई सुकंजी सिंह पर पिता को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि बहनोई ने ही किशोरी के परिवार वालों को उकसा कर गलत तरीके से माता-पिता पर रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से ही बहनोई पिता नत्थू सिंह को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।
आए दिन गाली गलौज करता और धमकी देता था। इससे परेशान होकर उसके पिता ने आत्महत्या की है। पुत्र ने आरोपी बहनोई के खिलाफ थाना नीमगांव पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के पुत्र ने ग्रामीणों की मदद से आरोपी अपने बहनोई सुकंजी को घर से पकड़ कर माकरापीटा और बेहजम चौकी पुलिस को सौंपा है।
पुलिस के युवक की पिटाई का वीडियो देख परेशान था नत्थू सिंह
बेहजम, अमृत विचार: ग्रामीणों का कहना है कि शुक्रवार को नीमगांव पुलिस मृतक नाथू सिंह के घर पूछताछ के लिए गई थी। जहां पर पुलिस ने गांव लखहा में हुए बवाल में एसअो श्रद्धा सिंह द्वारा एक युवक की पिटाई करते हुए वायरल हुए वीडियो को दिखाया था। पुलिस ने धमकी दी थी कि यदि किशोरी बरामद नहीं हुई तो उसका इससे अधिक हाल खराब होगा।
मृतक नत्थू सिंह किशोरी के अपहरण मामले में आरोपी था। उसने पेड़ से लटककर आत्महत्या की है। आत्महत्या के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। वीडियो दिखाकर पुलिस के धमकाने की बात सही नहीं है। हो सकता है कि पुलिस उसके घर पूछताछ करने के लिए गई हो- शमशएर बहादुर सिंह सीओ मितौली
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: हमलावरों ने कोचिंग पढ़कर जा रहे छात्र को बेल्टों से पीटा, रिपोर्ट दर्ज
