लखीमपुर खीरी: हमलावरों ने कोचिंग पढ़कर जा रहे छात्र को बेल्टों से पीटा, रिपोर्ट दर्ज
घायल छात्र जिला आस्पताल में भर्ती, रिपोर्ट दर्ज
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। सीतापुर फोरलेन स्थित एक कोचिंग सेंटर से पढ़कर जा रहे छात्र को चार युवकों ने रोक लिया और उसकी हाथ के कड़े और बेल्टों से जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना फरधान के गांव अटकोनवा निवासी किशन वर्मा ने बताया कि वह सीतापुर फोरलेन पर स्थित एक कोचिंग सेंटर पर पढ़ने आता-जाता है। शुक्रवार की शाम वह कोचिंग पढ़कर अपने घर जा रहा था। जलभवन के पास थाना खीरी के गांव डिम्हैरा निवासी समीर ने अपने तीन अन्य अज्ञात साथियों के साथ रोक लिया और बेवजह गाली गलौज करने लगे। उसने जब बिना किसी कारण के गाली देने से मना किया तो चारों आरोपी भड़क गए। उसे हाथ के कड़े व बेल्ट से जमकर मारापीटा।
कड़े से सिर पर कई प्रहार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर शराबा सुनकर आस पास के लोग आ गए और विरोध किया। तब आरोपी जान से मार देने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने घायल की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ये भी पढे़ं- लखीमपुर खीरी: छाउछ गांव में दो घरों से नगदी समेत लाखों के जेवर चोरी, पुलिस ने की जांच
