बिजनौर: कमरे में सो रहे शिक्षामित्र को मारी गोली, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नहटौर, अमृत विचार: गांव सलेमपुर में शुक्रवार रात अज्ञात लोगों ने कमरे में सो रहे शिक्षामित्र की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर उठे पिता ने शोर मचा दिया। ग्रामीणों ने शिक्षामित्र को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि पुलिस बदमाशों द्वारा गोली मारने को संदिग्ध मान रही है। फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

 गांव सलेमपुर निवासी शीशराम सिंह का पुत्र रानू कुमार (40) गांव के ही प्राथमिक स्कूल में शिक्षामित्र के पद पर तैनात था। शुक्रवार रात रानू अपने नए घर के कमरे में सोया था, जबकि उसके पिता शीशराम सिंह घर के बरामदे में सो रहे थे। बताया कि रात्रि एक बजे अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर रानू को गोली मार दी। गोली की आवाज से उठे पिता ने एक युवक को मौके से भागते हुए देखा तो शोर मचा दिया। 

गोली की आवाज व शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शिक्षामित्र को सीएचसी में भर्ती कराया। बाद में परिजनों ने उसे बिजनौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान रानू की मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज किया गया। उधर, मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने लिए। 

इस दौरान पुलिस ने किसी को भी वहां नहीं जाने दिया। पुलिस ने मौके से मृतक का बिस्तर, मच्छरदानी आदि सामान भी कब्जे में लिया है। डॉग स्क्वायड टीम ने डॉग को मौके पर ले जाकर सुंघाया। सूंघने के बाद डॉग टीम को काफी दूर तक ले गया। डॉग के सहारे पुलिस घटना का खुलासा करने के प्रयास में लग गई है। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय भाजपा विधायक ओमकुमार मृतक के घर पहुंचे और उसके परिजनों को सांत्वना दी। 

उन्होंने पुलिस से घटना का शीघ्र खुलासा करने का कहा है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचारे दौरान उसकी मौत हो गई। चिकित्सक ने बताया कि उसके पेट में गोली लगी है। सस्पेक्टेड गन शॉट लग रहा है। पुलिस सभी बिंदुओ पर जांच कर रही है।

तीन वर्ष पहले भी शिक्षामित्र पर हुआ था हमला
ग्रामीणों ने बताया कि तीन वर्ष पहले भी शिक्षामित्र रानू पर नहटौर से घर लौटते समय अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से हमला किया था। इसकी शिकायत पुलिस सेकी गई थी। लेकिन अभी तक मामले का खुलासा नहीं हो सका था।

 

संबंधित समाचार