Kanpur: सचेंडी, नौबस्ता के बाद अब बर्रा में पुलिस की गुंडागर्दी...नॉनवेज देने से मना करने पर सिपाहियों ने दुकानदार को पीटा
कानपुर में सिपाहियों ने दुकानदार को पीटा
कानपुर, अमृत विचार। शनिवार को एक बार फिर पुलिस की गुंडागर्दी का मामला सामने आया। बर्रा थानाक्षेत्र में नॉनवेज देने से मना करने पर पुलिसकर्मियों ने दुकानदार की सरिया से पिटाई कर दी। पिटाई में दुकानदार के आंख व कान में गंभीर चोट आई, शरीर में कई जगहों पर चोट के निशान है।
शिकायत करने डॉयल 112 के पहुंचने के बावजूद पुलिसकर्मी पीड़ित के साथ मारपीट करते रहे। थाने में सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित ने सीपी से शिकायत की। पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच एसीपी नौबस्ता को सौंपी है।
रतनलाल नगर निवासी शुभम सिंह गौतम ने बताया कि उनकी बर्रा छह पाल टावर के पास नानवेज की दुकान है। बताया कि बीते 29 मई की देर रात कार सवार पांच युवक नशे की हालत में दुकान पर आए और नानवेज की मांग की।
उन्होंने खाना खत्म होने की जानकारी दी तो कार सवार युवक भड़क गए और रौब गांठते हुए खुद को सीसामऊ थाने का सब इंस्पेक्टर हिमांशु चौधरी बताया। जबकि उसके साथ मौजूद दूसरे युवक ने अपना परिचय दरोगा अरुण कुमार के रूप में दिया। इसके बाद भी शुभम ने खाना खिलाने में असमर्थता जताई। जिस पर दरोगा हिमांशु चौधरी भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर हिमांशु और अरुण कर्मचारी को पीट दिया। बीच बचाव करने पर आरोपियों ने तंदूर की सरिया से मारपीट शुरू कर दी। कर्मचारी शंकर बाल्मीकि ने डायल 112 पर सूचना दी। इस पर पुलिस कर्मियों ने शंकर को भी पीट दिया। शुभम ने वीडियो बनाने का प्रयास किया तो मोबाइल छीनकर तंदूर भट्ठी में डाल दिया। बताया कि डायल 112 की गाड़ी आने पर भी आरोपी पीटते रहे।
मारपीट के दौरान शुभम की आंख में गंभीर चोट आई, कान का पर्दा फट गया और पीठ व पैर में भी चोट आई। आरोप लगाया कि मामले की शिकायत जनता नगर चौकी व बर्रा थाने में की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की। शनिवार को पीड़ित पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार के कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस कमिश्नर ने मामले में जांच एसीपी नौबस्ता मंजय सिंह को दी। एसीपी मंजय सिंह ने बताया कि दुकानदार व कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए है। सीसीटीवी फुटेज और गाड़ी नंबर के आधार पर पुलिस कर्मियों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रही है।
