बरेली: धोपेश्वर नाथ मंदिर के सरोवर में डूबने से बच्चे की मौत, मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कैंट/बरेली, अमृत विचार।  प्राचीन धोपेश्वरनाथ मंदिर के सरोवर में रविवार को एक मजदूर का 10 वर्षीय बेटा नहाते समय डूब गया। बेहोशी की हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कांधरपुर के मजरा बरकलीगंज के बाबूराम मौर्य 10 वर्षीय बेटे राज और आठ वर्षीय शिवम के साथ रविवार शाम करीब 4:30 बजे मंदिर के सरोवर में स्नान करने पहुंचे थे। बाबूराम और शिवम तो स्नान कर बाहर निकल आए, लेकिन राज पानी में डूबने लगा। बाबूराम ने जब तक उसे बाहर निकाला, तब तक वह बेहोश हो चुका था। सीना और पेट दबाकर कुछ पानी बाहर निकाला, फिर बेहोशी की हालत में ही उसे जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गरीबी, गर्मी, मस्ती और मौत
मोहल्ले के लोगों के मुताबिक बाबूराम मजदूरी करते हैं और उनकी माली हालत ठीक नहीं है। दो बेटियों की तो जैसे-तैसे शादी कर दी लेकिन तंगी से हुए क्लेश की वजह से तीन महीने पहले उनकी पत्नी घर छोड़कर चली गईं और अब तक नहीं लौटीं। गर्मी की वजह से तीन दिन से बाबूराम दोनों बेटों को मस्ती कराने के लिए सरोवर में नहाने आ रहे थे। रविवार को हादसा हो गया। बता दें कि इसी सरोवर में इससे पहले 2018 में एक किशोर की डूबकर मौत हो गई थी। 2020 में आठवीं की छात्रा पिंकी राणा की भी जान चली गई। कुल मिलाकर सरोवर में अब तक दर्जनों मौतें हो चुकी हैं।

ये भी पढे़ं-  बरेली: मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर 3.5 लाख का सामान चोरी, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

संबंधित समाचार