सीतापुर : खेतों में लगे कटीले तारों में करंट उतरने से पिता-पुत्री की मौत,मां झुलसी
खेत गई पुत्री को बचाने के दौरान पिता भी आया चपेट में,कटे तारों से उतरा करंट
सीतापुर,अमृत विचार। थाना इलाके में खेतों में आवारा मवेशियों से छुटकारा पाने के लिए लगे कटीले तारों में करंट दौड़ने से दर्दनाक हादसा हो गया। यहां करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्री की मौत हो गई जबकि बचाने के उद्देश्य से पहुंची मां भी चपेट में आकर झुलस गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजकर झुलसी महिला को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव फत्तेपुर मीराबेहड के मजरा मकसूदपुर निवासी संजय कुमार की पुत्री सोनिका (12) सोमवार को शरीफ के गन्ने के खेत में शौच के लिए गई थी। बताया जाता है कि खेत के चारों ओर लगे कंटीले तारों मे अनिल कुमार के समर सेबिल पर गये जर्जर केबिल से अचानक करंट उतरने से पुत्री सोनिका तार के संपर्क में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी।
काफी देर तक लड़की के शौच से वापस न आने पर पिता संजय भी ढूंढते हुये मौके पर पहुंच गया और लडकी को तार से चिपका हुआ देखकर उसे बचाने का प्रयास करने लगा। परंतु तार के चपेट में आने से पिता संजय (40) की भी मौके पर मौत हो गयी। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची बालिका की मां सरोजनी देवी ने भी बेटी और पति दोनों को बचाने का अथक प्रयास किया।
किन्तु वह भी लापरवाही के कारण तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गयी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची हरगांव पुलिस ने घायल सरोजनी को तत्काल सीएचसी हरगांव में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक हरगांव अरविन्द कुमार पाण्डेय ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ जाने पर विधिक कार्यवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें -संगमरमर से बनेंगी राम दरबार समेत 13 मन्दिरों की मूर्तियां, टेक्नोलॉजी के जरिए दिखेगा राम मंदिर का इतिहास
