बिहार: राजद विधायक नेमतुल्लाह, पूर्व केंद्रीय मंत्री दशई चौधरी जदयू में शामिल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पटना। बिहार में इस बार के विधानसभा चुनाव में टिकट कटने से नाराज गोपालगंज जिले के बरौली से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधायक नेमतुल्लाह और पूर्व केंद्रीय मंत्री दशई चौधरी अपने समर्थकों के साथ आज जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में शामिल हो गए। जदयू प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने मंगलवार को हार्डिंग रोड स्थित …

पटना। बिहार में इस बार के विधानसभा चुनाव में टिकट कटने से नाराज गोपालगंज जिले के बरौली से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधायक नेमतुल्लाह और पूर्व केंद्रीय मंत्री दशई चौधरी अपने समर्थकों के साथ आज जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में शामिल हो गए। जदयू प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने मंगलवार को हार्डिंग रोड स्थित आवास पर नेमतुल्लाह और दशई चौधरी को पार्टी की सदस्यता दिलाई। उनके साथ ही कांग्रेस के सीतामढ़ी जिलाध्यक्ष सहित कई अन्य नेताओं ने भी जदयू की सदस्यता ग्रहण की।

इस मौके पर सभी का स्वागत करते हुए जदयू प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि सुशासन और विकास ही हमारा एजेंडा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने 15 वर्ष के कार्यकाल में बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। न्याय के साथ विकास करके दिखाया है। सात निश्चय ने राज्य की तस्वीर बदल दी है और अब सात निश्चय-दो के माध्यम से विकास की गाड़ी को और रफ्तार दी जाएगी।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कुछ लोग तरह-तरह के भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इस चुनाव में विकास ही मुद्दा है। जनता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काम को देखा है। हर क्षेत्र में बिहार ने तरक्की की मिसाल कायम की है। उन्होंने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की जनता ने उनके 15 साल के कार्यकाल को भी झेला है। आज राजद के लोग नौकरियों की बात करते हैं लेकिन उनके 15 साल के शासन में यहां हर जिले में अपहरण उद्योग चलता था। चारों ओर अराजक माहौल था। शाम होते ही लोग घरों में दुबक जाते थे, लेकिन अब यही बिहार है जहां दो बजे रात में भी लोग बेफिक्र घूमते हैं।

वहीं, विधायक नेमतुल्लाह ने राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव पर मुसलमानों को अपमानित करने का आरोप लगाया और कहा कि राजद ने चुन-चुन कर मुसलमानों का टिकट काट दिया है और दुष्कर्म के आरोपियों को टिकट दिया है। उन्होंने तेजस्वी यादव पर टिकट के लिए करोड़ों रुपये वसूलने का आरोप लगाया और कहा कि मुसलमानों के लिये नीतीश सरकार ने एक से बढ़कर एक काम किये हैं लेकिन राजद ने उन्हें सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल कर छोड़ दिया है।

संबंधित समाचार