Kannauj: अखिलेश यादव ने डिंपल की हार का लिया बदला...पांचों विधानसभा क्षेत्रों से कमल को साइकिल ने पछाड़ा
पहले ही चक्र से अखिलेश ने ले ली थी बढ़त
कन्नौज, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इत्रनगरी की सीट भाजपा से छीनकर 2019 में हुई पत्नी डिंपल की हार का बदला ले लिया। अखिलेश ने मौजूदा सांसद सुब्रत पाठक को को करीब पौने दो लाख वोटों से करारी शिकस्त दी है। खास बात यह है कि लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पांच विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा ने किसी पर जीत हासिल नहीं की। अखिलेश यादव ने पहले ही राउंड से बढ़त बना थी, जो अंतिम राउंड तक कायम रही।
मंगलवार को निगम मंडी में लोकसभा चुनाव की मतगणना सुबह आठ बजे से प्रारंभ हुई। पहले 12 टेबिलों पर पोस्टल बैलेट की गिनती की गई। इसके बाद ईवीएम से मतगणना प्रारंभ हुई। पहले राउंड में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अखिलेश यादव ने पांचों विधानसभा क्षेत्र में 23,541 वोट हासिल किए तो भाजपा के सुब्रत पाठक ने 14,479 मत प्राप्त किए थे।
वहीं, बहुजन समाज पार्टी के इमरान बिन जफर ने केवल 2,179 वोट ही प्राप्त किए। पहले राउंड में नोटा को 175 मत मिले, जो सभी निर्दलीय प्रत्याशियों से भी अधिक थे। इसी प्रकार अंतिम 35वें राउंड तक सपा की बढ़त कायम रही और अखिलेश यादव ने भाजपा को 1.70 लाख वोटों से परास्त कर दिया।
लोकसभा क्षेत्र में कुल 12,14,886 वोट पड़े थे, जिसमें अखिलेश यादव को 6,42,292 वोट मिले तो प्रतिद्वंद्वी भाजपा के सुब्रत पाठक को 4,71,370 वोट ही मिल सके। अखिलेश ने 52.74 प्रतिशत वोट प्राप्त किए, जबकि सुब्रत को 38.71 प्रतिशत वोट मिल सके। वहीं, अंतिम राउंड में सपा ने जहां 292 वोट प्राप्त किये तो भाजपा को 184 मत मिले, जबकि बसपा को महज आठ वोट ही मिल सके।
सुब्रत को पिछली बार से कम मिला वोट
भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक को इस चुनाव में पिछली बार से कम वोट मिला है। 2019 में सुब्रत को 5,63,087 वोट मिले थे, जबकि इस बार उन्हें 4,71,370 वोट ही मिले हैं। इस तरह देखा जाए तो सांसद को इस बार 93,956 वोट कम मिले हैं। यदि प्रतिशत के लिहाज से देखा जाए तो 2019 में सुब्रत को जहां 49.37 प्रतिशत मत मिले, वहीं इस बार 38.71 प्रतिशत ही वोट मिले हैं।
अखिलेश ने हर बार से अधिक वोट किए हासिल
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यहां से चौथी बार जीत दर्ज की है। इस बार उन्होंने हर बार से अधिक वोट हासिल किए हैं। साल 2000 में अखिलेश यादव ने कन्नौज से पहला चुनाव लड़ा था, तब उन्हें 3,06,054 (43.10 प्रतिशत) वोट मिले थे। इसके बाद 2004 में उन्होंने 4,64,367 (61.21 प्रतिशत) वोट हासिल कर इतिहास रच दिया था। 2009 के चुनाव में उन्हें 3,56,895 (45.52 प्रतिशत) वोट प्राप्त किए तो इस बार 6,42,292 (52.74 प्रतिशत) वोट प्राप्त कर इत्रनगरी के इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया।
किस प्रत्याशी को कितने मिले वोट
प्रत्याशी पार्टी प्राप्त मत प्रतिशत
अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी 642292 52.74
सुब्रत पाठक भारतीय जनता पार्टी 471370 38.71
इमरान बिन जफर बहुजन समाज पार्टी 81639 6.71
आलोक वर्मा राप्ट्रीय शोषित समाज पार्टी 4492 0.37
ललित कुमारी निर्दलीय 3267 0.27
सिनोद कुमार निर्दलीय 1733 0.14
राज कठेरिया निर्दलीय 1464 0.12
भानु प्रताप सिंह निर्दलीय 1432 0.12
शैलेंद्र कुमार भारतीय किसान परिवर्तन पार्टी 1151 0.09
यादवेंद्र किशोर निर्दलीय 1062 0.09
सुभाष चंद्र आल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक 801 0.07
सुनील कुमार भारतीय शक्ति चेतना पार्टी 739 0.06
प्रमोद यादव भारतीय कृषक दल 560 0.05
पुरुषोत्तम तिवारी निर्दलीय 543 0.04
इरफान अली निर्दलीय 470 0.04
नोटा (इनमें से कोई नहीं) 4818 0.40
ये भी पढ़ें- Kannauj News: वोटरों को भाये ‘भैया’, ‘दादा’ को कहा...नमस्ते, सुब्रत पाठक को इतने वोटों से करना पड़ा संतोष
