बहराइच: अज्ञात कारणों से लगी आग में छह मकान राख, कई लाख का हुआ नुकसान 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच, अमृत विचार। जिले के ग्राम पंचायत झाला में मंगलवार सुबह अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते छह ग्रामीणों के मकान जलकर राख हो गए। तीन लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। परिवार के लोग खुले आसमान तले रहने को विवश हैं।

मोतीपुर थाना क्षेत्र ग्राम पंचायत झाला में सुबह 10.30 बजे गांव निवासी भागीरथ पुत्र राम विलास के मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन चल रही हवाओं के चलते ज्वाला पुत्र राम विलास, बनवारी, संतोष, अमिरका पुत्र काशी राम और अनारा देवी पत्नी बीरबल के मकान एक एक कर जल गए। 

अनारा देवी के नुकसान को कम करने के लिए ग्रामीणों ने मकान को उजाड़ दिया। फिर भी मकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। तीन लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग बुझाया। आग लगने की सूचना मिलने पर तहसीलदार अंबिका चौधरी, कानूनगो राममनोरथ, लेखपाल दुर्गेश श्रीवास्तव, धमेंद्र कुमार वर्मा,जालिमनगर चौकी प्रभारी दिवाकर तिवारी स्टाफ के साथ मौके पर जांच के लिए पहुंचे। राजस्व टीम ने रिपोर्ट बनाकर एसडीएम को भेज दी है।

ये भी पढ़ें -दिल्ली: लाजपत नगर के अस्पताल में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

संबंधित समाचार