Kanpur Crime: कमरे में मिला ठेकेदार का लहूलुहान अर्द्धनग्न शव...परिजनों ने लूटपाट के बाद हत्या का लगाया आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में कमरे में मिला ठेकेदार का लहूलुहान अर्द्धनग्न शव

कानपुर, अमृत विचार। सेन पश्चिम पारा थानाक्षेत्र में कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में ठेकेदार का लहूलुहान अर्द्धनग्न शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। मकान मालिक ने घटना की जानकारी परिजनों को फोन पर दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और स्थिति देखकर पुलिस को सूचना दी। 

परिजनों ने युवक की हत्या कर लाखों रुपये पेमेंट लूटने का गंभीर आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

मूलरूप से आगरा के फतेहपुर सीकरी के थाना फतेहपुर के ग्राम दूरा निवासी 28 वर्षीय पवन जाटव यशोदा नगर सैनिक चौराहे में राम मनोहर यादव के मकान में एक वर्ष से किराए पर रहकर एक सरकारी कंपनी के माध्यम से टाइल्स का काम कराता था। उसके परिवार में पत्नी कुसुमलता और 4 साल की बेटी नंदनी रहती हैं। 

मृतक के छोटे भाई गौरव जाटव ने बताया कि मंगलवार सुबह मकान मालिक ने भाभी कुसुमलता के पास फोन कर बताया कि पवन की मौत हो गई है। जिससे परिजनों में चीखपुकार मच गई। बताया कि उसने अपने मित्र लखनऊ निवासी कुलदीप किशोर और उसके भाई अमित किशोर को मौके पर भेजा तो उन्होंने बताया कि पवन का शव कमरे में अर्द्धनग्न अवस्था में पड़ा है। 

शरीर में पैर से लेकर पेट और सिर, नाक और कान से खून निकल रहा था। इसके बाद कुलदीप किशोर ने घटना की जानकारी डायल 112 में दे दी। गौरव ने बताया कि बुधवार सुबह कंपनी के सुपरवाइजर का फोन आया। जिसने पवन के बारे में जानकारी की। कहा कि पवन और उनके कर्मचारी कहां है, काम रुका पड़ा है। 

जिस पर छोटे भाई गौरव ने बताया कि वह लोग पोस्टमार्टम हाउस कानपुर में हैं, उनका लहूलुहान शव मिला है। जिस पर उसने लाखों के पेमेंट ले जाने की बात बताई। बुधवार को उन्हें गांव जाना था, लेकिन उससे पहले ही उनके साथ वारदात हो गई। छोटे भाई गौरव, साले बंटी ने आरोप लगाया कि पवन से कमरा खाली करने के लिए मकान मालिक का उनसे कई बार विवाद हो चुका था। 

आरोप था कि तब मकान मालिक ने मारापीटा था। यह घटना भी उन्होंने घर पर बताई थी। परिजनों का आरोप था कि हो सकता है, कि मकान मालिक ने लूटने के बाद घटना को अंजाम दिया है। आरोप था कि जिस कमरे में उसका अर्द्धनग्न शव मिला वहां पर पोछा लगाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि युवक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अभी तक अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी।

संबंधित समाचार