भाजपा नेता पर हमले से कादीपुर में माहौल गर्म, व्यापारियों ने की बैठक, आरोपियों की गिरफ्तारी का मिला आश्वासन
भाजपा नेता के घर व प्रतिष्ठान पर तैनात की गई है पीएसी एवं सीआईएसएफ के जवान
कादीपुर/सुलतानपुर, अमृत विचार। भाजपा जिला महामंत्री घनश्याम चौहान के ऊपर हुए हमले से आक्रोशित व्यापारियों ने बुधवार को उनके आवास पर बैठक किया। मामला गर्म होता देख सीओ व कोतवाल भी बैठक में शामिल हुए और नामजद आरोपियों का आश्वासन दिया है। वहीं, एहतियातन भाजपा नेता के प्रतिष्ठान व घर के पास पीएसी एवं सीआईएसएफ के जवान तैनात किए गए हैं।
लोकसभा चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद मंगलवार को देर शाम कस्बे के जवाहर नगर मोहल्ले में भाजपा जिला महामंत्री घनश्याम चौहान की दुकान के सामने कुछ लोग पटाखा दगा रहे थे। जिसकी चिंगारी उनकी दुकान में जा रही थी। आरोप है कि मना करने पर उन लोगों ने भाजपा महामंत्री घनश्याम चौहान, उनके बेटे कृष्ण कुमार सिंह चौहान एवं बृजेश सिंह चौहान तथा उनकी बेटी रचना सिंह चौहान को मारा पीटा था। जिसमें महामंत्री घनश्याम चौहान का बाया हाथ फैक्चर हो गया था।

बृजेश सिंह चौहान की तहरीर पर पुलिस ने कुछ लोगों के विरुद्ध नामजद केस दर्ज किया था। घटना को देखते हुए कस्बे का माहौल गर्म हो गया था। बुधवार को व्यापारियों ने घटना को लेकर एक बैठक की थी। बैठक में पहुंचे सीओ विनय गौतम एवं कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। जिसे व्यापारियों ने मान लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि शाम तक प्रशासन गिरफ्तारी नहीं कर पाता है तो बृहस्पतिवार को फिर से बैठक कर अगली रणनीत बनाई जाएगी।
बैठक में घनश्याम जायसवाल, दीपक अग्रहरि, शिवमंगल सिंह, सर्वेश कुमार सिंह, ललित कसौधन, अश्वनी चौरसिया, राजेंद्र कसौधन, शैलेंद्र उपाध्याय सहित अनेक व्यापारी एवम भाजपा नेता मौजूद रहे। चौहान की दुकान एवं घर की सुरक्षा के लिए पीएसी एवं सीआईएसएफ के जवान तैनात कर दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें:-UP की आरक्षित सीटों पर भी भाजपा को जबरदस्त झटका, आधी से अधिक सीटें विपक्ष ने जीतीं
