लखीमपुर खीरी: चुनावी छींटाकशी के विवाद में पिता-पुत्र को चाकुओं से गोदा 

Amrit Vichar Network
Edited By Ateeq Khan
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना व कस्बा खमरिया में चुनावी छींटाकशी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इससे गुस्साए एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के एक युवक पर चाकुओं से हमला कर दिया। पुत्र को बचाने जब उसका पिता पहुंचा तो आरोपियों ने उन पर भी चाकूओं  से कई वार किए, जिससे पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है

कस्बा खमरिया बाजार निवासी रवि गुप्ता ने बताया कि वह अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी बीच उनके गांव का विकास कश्यप अपने भाई विनय कश्यप, राजू व राजेश कश्यप के साथ आ गया और चुनाव को लेकर छींटाकशी करने लगे। उसने जब विरोध किया तो आरोपी गाली गलौच कर मारपीट करने लगे।

आरोप है कि हमलावरों ने उस पर चाकुओं से कई वार किए, जिससे वह घायल हो गया। शोर शराबा होने पर उसके पिता हरिशंकर गुप्ता बीचबचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

ग्रामीणों के आने पर जानसे मार देने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। घायल पिता-पुत्र किसी तरह थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ये भी पढ़ें-गोवध अधिनियम में फरार जावेद गिरफ्तार, आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं नौ मामले

संबंधित समाचार