बरेली: चने में घटतौली को लेकर डेलापीर मंडी में हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सरकार की ओर से गरीबों के लिए भेजे जा रहे मुफ्त चने पर भी माफिया की नजर है। उच्च गुणवत्ता के चने को दूसरी जगह बेचकर गरीबों को कंकड़ मिला चना दिया जा रहा है। इसे लेकर डेलापीर मंडी में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। इसके बाद कोटेदारों ने गोदाम प्रभारी के …

बरेली, अमृत विचार। सरकार की ओर से गरीबों के लिए भेजे जा रहे मुफ्त चने पर भी माफिया की नजर है। उच्च गुणवत्ता के चने को दूसरी जगह बेचकर गरीबों को कंकड़ मिला चना दिया जा रहा है। इसे लेकर डेलापीर मंडी में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। इसके बाद कोटेदारों ने गोदाम प्रभारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसी बीच गोदाम प्रभारी मौके से फरार हो गया। हंगामे के बाद कोटेदार फिर से धरने पर बैठ गए।

जिले के कोटेदार पिछले कई दिनों से राशन के उठान को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं मगर अधिकारी उनकी मांगें नहीं मान रहे हैं। मंगलवार को भी कोटेदार डेलापीर मंडी में इसी मंडी से राशन उठाने की बात को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच कोटेदार गोदाम की तरफ पहुंचे तो वहां का नजारा देख दंग रह गए। कोटेदारों ने बताया कि रिटायर गोदाम प्रभारी दूसरे कट्टों में से सरकारी राशन निकालकर उनमें कंकड़ और मिट्टी मिला रहा था।

इसके बाद चने कम कर दूसरे कट्टों में भरकर गोदाम में भेज रहा था। इसी को लेकर कोटेदारों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद मौका पाकर रिटायर गोदाम प्रभारी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर इज्जतनगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद भी कोटेदार हंगामा करते रहे। पुलिस ने उन्हें किसी तरह शांत कराया।

झांसी की कंपनी से आता है चना
कोटेदारों ने बताया कि बरेली में प्रधानमंत्री योजना के तहत बंटने वाले चने की सप्लाई झांसी से आती है। पिछले दिनों ही चने की खेप डेलापीर मंडी के गोदाम में पहुंची थी। कोटेदारों ने बताया कि मंगलवार को वह गोदाम में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच कुछ कोटेदार गोदाम की तरफ पहुंचे तो देखा कि रिटायर गोदाम प्रभारी जूट के कट्टों से चना निकालकर उसमें मिट्टी और कंकड़ मिलाकर प्लास्टिक के कट्टों में भर रहा था। इसके बाद जब कोटेदारों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया तो वह मौके से फरार हो गया। जिस ट्रक में लादकर चने को दूसरे गोदामों में भेजा जा रहा था उसके चालक ने बताया कि उसे पैसे मिलते हैं। इसलिए वह ट्रक में माल लेकर परसाखेड़ा और भरतौल के गोदामों में उतार आता है।

सेवानिवृत्त प्रभारी संचालित करता था गोदाम
डेलापीर मंडी में लंबे समय से माफिया राज हावी है। मामला जानकारी में होने के बाद भी अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। कोटेदारों ने बताया कि मौजूदा समय में गोदाम के प्रभारी राकेश श्रीवास्तव हैं मगर रविन्द्र नाथ द्विवेदी रिटायर होने के बाद भी गोदाम का चार्ज संभाले हुए हैं। राकेश श्रीवास्तव को नवाबगंज क्रय केंद्र पर तैनात किया गया है।

संबंधित समाचार