अभी तक नहीं जमा किया है हाउस टैक्स तो फौरन करें डिपॉजिट, आपको लखनऊ नगर निगम दे रहा है ये बड़ा offer
लखनऊ, अमृत विचार। नगर निगम क्षेत्र के भवन स्वामियों को 30 जून तक गृहकर जमा करने पर 15 प्रतिशत की छूट मिलेगी। छूट को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। कर निर्धारण और वसूली के लिए प्रत्येक वार्ड में महीने के द्वितीय शनिवार और रविवार को शिविर भी लगाए जाएंगे।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने गुरुवार को बैठक कर नगर निगम की आय की समीक्षा की। इसमें उन्होंने कहा कि लोकभवन जैसे शासकीय प्रतिष्ठान, शत्रु संपत्तियों और हजरतगंज की अनेक व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का कर पुनरीक्षण कर वसूली में तेजी लाई जाए। महापौर ने अन्य जोन में स्थित प्रतिष्ठान एनटीपीसी, 32वीं वाहिनी, जोन 6 की मछली मंडी आदि से कर वसूली के निर्देश भी दिए। महापौर ने कहा कि भवन स्वामियों की सुविधा के लिए चालू वित्तीय वर्ष (2024-25) में प्रत्येक महीने के द्वितीय शनिवार व रविवार को सभी वार्डों में शिविर लगाए जाएं। इसमें कर निर्धारण के साथ कर की वसूली भी की जाए। बैठक में नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह, समस्त अपर नगर आयुक्त, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी और सभी जोनल अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य मार्गों पर नगर निगम की जमीनें चिह्नित होंगी
महापौर ने मुख्य मार्गों पर नगर निगम की जमीनें चिह्नित करने के निर्देश भी दिए हैं। अधिकारियाें को जमीनें चिह्नित कर 15 दिनों में रिपोर्ट देनी होगी। इसके अलावा नगर निगम की सीमा में छोटे और बड़े तालाबों पर अतिक्रमण चिन्हित करने के निर्देश भी दिए। महापौर ने कहा कि कब्जेदारों को नोटिस देकर कार्रवाई की जाए।
ये भी पढ़ें -लखनऊः आईसीएमआर की रिसर्च प्रोजेक्टस कमेटी के अध्यक्ष बने डॉ. सूर्यकान्त
