बरेली: आंवला में क्यों हार गई भाजपा, पशुधन मंत्री ने बताई वजह...बोले- जनता का फैसला स्वीकार है
आंवला, अमृत विचार : छुट्टा गोवंशीय पशुओं को भी आंवला में भाजपा प्रत्याशी की हार की एक वजह बताए जाने पर पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने स्थिति साफ की है। उन्होंने बृहस्पतिवार को अपने कार्यालय पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चुनाव में छुट्टा पशुओं का मुद्दा किसी ने नहीं उठाया। इस समस्या का निराकरण कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को 8488 वोटों से जीती है।
पशुधन मंत्री ने कहा कि यूपी में विपक्षी गठबंधन ने विकास के मुद्दों के बजाय जाति आधारित चुनाव लड़ा। राष्ट्र हित पर निजी स्वार्थ को तरजीह देकर बढ़त बनाई है। उन्होंने कहा कि जनता का फैसला स्वीकार है। कमियों को दूर कर कड़े निर्णयों के साथ संगठन को मजबूत किया जाएगा। बोले, सपा ने जाति के आधार पर टिकट दिया। विकास का एक मुद्दा नहीं उठाया। जनता ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, उज्ज्वला योजना के बजाय जातिवाद पर वोट किया।
उन्होंने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में चूक हुई है, उन पर मंथन किया जा रहा है। कमियों को दूर किया जाएगा। विपक्ष की ओर से चुनाव के दौरान उठाए गए मुद्दों पर सरकार पहले से काम कर रही है। अयोध्या में हार पर कहा कि उसकी भी समीक्षा की जा रही है। राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। यूपी में इस बार उम्मीद के खिलाफ परिणाम आए, जिन पर मंथन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- बरेली: जिला अस्पताल के वार्ड ब्वॉय ने मुख्यमंत्री पर की अभद्र टिप्पणी, रिपोर्ट दर्ज
