लखनऊ: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई किशोरी की हत्या की पुष्टि, एक माह पहले पिता ने गड्ढे में दफन किया था बेटी का शव
लखनऊ, अमृत विचार। मोहनलालगंज क्षेत्र निवासी किशोरी की हत्या कर शव गड्ढे में दफन किया गया था। गुरुवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। डीसीपी दक्षिणी तेज स्वरूप सिंह हत्यारोपी पिता से पूछताछ कर रहे हैं। आरोपी ने किशोरी का एक माह पहले घर के पीछे मवेशियों के तबेले में गड्ढा खोद कर शव दफन किया गया था। पत्नी के थाने में शिकायत करने के बाद घटना सामने आई थी। फिलहाल डीसीपी जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की जानकारी देने की बात कह रहे हैं।
मोहनलालगंज क्षेत्र के एक गांव में 6 मई की रात पिता ने 14 वर्षीया किशोरी की हत्या कर शव घर के पीछे तबेले में दफन किया था। जिसे पुलिस ने बुधवार को जिलाधिकारी की अनुमति लेकर गड्डा खोदवा कर निकलवा कर मोर्च्युरी में रखवाया था। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम हाउस के सूत्रों के मुताबिक शव एक माह पुराना होने के कारण अंदर से सड़ गया था।
इसके चलते कीड़े पड़ गये थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से किशोरी की मौत होने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा सिर पर भी चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल इंस्पेक्टर मोहनलालगंज आलोक श्रीवास्तव का कहना है कि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। हत्या का क्या कारण रहा, पूछताछ व जांच पूरी हाेने के बाद ही बताया जा सकेगा।
यह है घटना
आरोपी की पत्नी 3 मई को मायके चली गई थी। घर पर आरोपी के अलावा 14 वर्षीय बेटी और दो बेटे थे। 2 जून को पत्नी मायके से लौटी तो बेटी नहीं दिखी। पूछने पर आरोपी ने बताया कि वह किसी के साथ भाग गई है। पत्नी को आशंका हुई तो दबाव बनाने के लिये मायके वालों को बुलाकर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंची। जहां पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने बेटी के फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात कही।
इसके साथ ही जेल जाने के डर से शव गड्ढे में गाड़ना बताया। फिलहाल आशंका है कि किशाेरी किसी युवक से बात करती थी। युवक से मेलजोल भी था। जिसकी भनक लगने पर उसने हत्या कर शव दफन कर दिया था। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है। उसकी मौजूदगी में ही शव निकाल कर पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: मस्जिद के सामने सींचपाल की चाकू से गोद कर हत्या, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
