आगरा: फिरौती के लिए अपहरण के बाद युवक की हत्या...3 आरोपी गिरफ्तार, नहीं मिला शव
आगरा, अमृत विचार। मलपुरा थाना क्षेत्र में युवक की अपहरण करने के बाद उसकी हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकंड का खुलासा तो कर दिया है, साथ ही आरपियों ने हत्या करने की बात भी स्वीकार कर ली है। जिसके बाद से पुलिस गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर शव की तलाश में जुटी हुई है।
कई नंबरों से कॉल करके मांगी फिरौती
जानकारी के मुताबिक, आगरा-जयपुर हाइवे पर पर्यटक गांव बरारा के पास नगला हट्टी गांव निवासी भूरी देवी का 24 वर्षीय बेटा सुशील कुमार के पास बीती 2 जून की सुबह राहुल जोशी के नाम के युवक का फोन आया और उसे नगला रेवती बुलाया। जिसके बाद से सुशील से घर वालों का संपर्क नहीं हो सका। फिर उसी दिन दोपहर 12 बजे एक मोबाइल नंबर से मां भूरी देवी के पास फोन आया और बताया गया कि उसके बेटे सुशील का अपहरण कर लिया गया है। साथ ही फिरौती मांगी गई। इसके बाद जिन नंबरों से कॉल आई वह स्विच ऑफ हो गए।
पुलिस पर दो दिन तक टहलाने का आरोप
जब भूरी देवी ने बेटे के अपहरण की थाने में शिकायत की तो आरोप है कि मलपुरा पुलिस जांच के नाम पर दो दिन तक टहलाती रही। जिसके बाद बीते बुधवार को अपहरण का केस दर्ज किया गया और देर रात में ही पुलिस ने मलपुरा निवासी राहुल जोशी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद एसीपी पूनम सिरोही के अनुसार पकड़े गए तीनों आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में युवक की हत्या करने की बात कबूल की है। लेकिन पुलिस आरोपियों से अभी ये नहीं कबूल करवा सकी है कि युवक सुशील का शव कहां है। हालांकि आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस और एसओजी की टीमों ने कई जगहों तक खाक छानी, लेकिन शव बरामद नहीं हो सका। फिलहाल पुलिस का कहना है कि शव की तलाश में कई टीमें जुटी हुई हैं।
आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का किया घेराव
वहीं भूरी देवी के तीन बेटों में से सुशील सुशील सबसे छोटा था। साथ ही भूरी देवी ने किसी से रंजिश से इनकार करते हुए पुलिस का कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। क्योंकि जांच के नाम पर मलपुरा पुलिस दो दिन तक परिजनों को टहलाती रही। जिसके बाद 4 जून को केस दर्ज करके तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ऐसे में अगर पुलिस तत्परता दिखाती तो युवक की जान बच सकती थी। जिसके बाद गुरुवार रात को नगला हट्टी के आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मलपुरा थाने का घेराव किया, जहां महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। फिलहाल पुलिस देर रात तक युवक के शव की तलाश में जुटी रही।
ये भी पढ़ें- आगरा में संदिग्ध परिस्थितियों में नाले से मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
