Kanpur: दिल्ली में दोनों सांसद वरिष्ठ नेताओं को देंगे चुनावी फीडबैक, भोले को मंत्री बनाए जाने की चर्चा तेज

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। अकबरपुर संसदीय सीट से जीत की हैट्रिक लगाने वाले देवेंद्र सिंह भोले और शहर सीट से पहली बार चुनकर सांसद बने रमेश अवस्थी भाजपा संसदीय दल की बैठक में हिस्सा लेने गुरुवार को दिल्ली पहुंच गए। संसदीय दल की बैठक शुक्रवार को प्रस्तावित है। दोनों सांसद इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मुलाकात करके चुनावी फीडबैक देंगे। ऐसी चर्चा है कि दोनों में से एक सांसद को मोदी के मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।

कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में दो केंद्रीय मंत्री अपनी सीट गवां बैठे हैं। क्षेत्र की 10 संसदीय सीटों में सिर्फ 4 सीटें ही भाजपा जीत पाई हैं। 6 सीटों पर शिकस्त मिली है। भाजपा के खाते में आई चार सीटों में कानपुर और अकबरपुर शामिल हैं। अकबरपुर सीट से तीसरी बार जीतकर संसद पहुंचे देवेंद्र सिंह भोले इस बार मंत्री पद पाने की रेस में आगे माने जा रहे हैं। 

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार अगर उम्र का फैक्टर बाधक नहीं बना तो भोले का मंत्री बनना तय है। वहीं, रमेश अवस्थी भी इस रेस में हैं। समर्थकों का दावा है कि उन्हें नया प्रत्याशी होने के बावजूद जीत दर्ज करने का पुरस्कार मिल सकता है। हालांकि वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अवस्थी के मंत्री बनने की संभावना कम ही मान रहे हैं। 

अपना बूथ हार रहे, क्षेत्रीय अध्यक्ष पर लटकी तलवार

कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल दो चुनावों से अपना बूथ हार रहे हैं। पहले निकाय चुनाव में और अबकी बार लोकसभा चुनाव में वह बर्रा नई बस्ती स्थित कंपोजिट स्कूल का अपना बूथ हार गए। इस बार तो वह अपने क्षेत्र की छह लोकसभा सीटें भी हार बैठे हैं। 

भाजपा पदाधिकारियों की माने तो यह बात ऊपर तक गई है। इसका नुकसान क्षेत्रीय अध्यक्ष को उठाना पड़ सकता है। हालांकि क्षेत्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल अभी बाकी है, लेकिन लगातार खराब प्रदर्शन की उन पर गाज गिर सकती है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: चट्टा संचालकों की दबंगई: टनों गोबर सीवर चैंबर में फेंक देते, कई किमी तक चैंबर जाम, लाखों लोग परेशान

 

संबंधित समाचार