अयोध्या :  छह जिलों के 42 केन्द्रों पर परीक्षा देंगे 20138 बीएड अभ्यर्थी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिले में नौ जून को नौ केन्द्रों पर दो पालियों में होगी प्रवेश परीक्षा, तैयारियों को लेकर हुई केन्द्र अध्यक्षों, पर्यवेक्षकों व स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की बैठक

अयोध्या, अमृत विचार :  बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झाँसी की ओर से आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2024 को लेकर शुक्रवार को डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के भौतिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के सभागार में केन्द्र अध्यक्षों, पर्यवेक्षकों और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की बैठक हुई। इसमें प्रवेश परीक्षा को सकुशल और शुचितापूर्वक संपन्न कराने के लिए रणनीति पर चर्चा की गई।  

संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा नौ जून को विश्वविद्यालय से सम्बद्ध छह जिलों के 42 केन्द्रों पर होनी है। जिसमें कुल 20138 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रवेश परीक्षा दो पालियों प्रथम पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक व द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे होगी। जिले में इस परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय मुख्य परिसर,आईईटी परिसर एवं कासु साकेत पीजी कॉलेज में कुल नौ केन्द्र बनाये गए हैं। इन केंद्रों के लिए 4454 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र भेजे गए हैं। परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए कुल 18 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त नौ स्टैटिक मजिस्ट्रेट, दो पर एक केन्द्र प्रतिनिधि एवं तीन केन्द्रों पर एक सचल दल तैनात किया गया है। 

मीडिया प्रभारी डॉ. विजयेन्दु चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक में परीक्षा के नोडल समन्वयक प्रो. फारुख ने बताया कि शासन की मंशानुरूप नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए केन्द्रों पर इलेक्ट्रॉनिक्स गैजेट्स पूर्णतः प्रतिबन्धित रहेंगे। परीक्षार्थियों को एक घंटा पूर्व केन्द्र पर पहुँचना होगा। सघन तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जायेगा। केन्द्र प्रतिनिधि प्रो. देवेश निगम ने बताया कि केन्द्र पर बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश,परीक्षार्थियों के साथ कक्ष निरीक्षकों का मोबाइल पूर्णतः प्रतिबन्धित रहेगा।

किसी को प्रवेश-पत्र व पहचान पत्र के बिना प्रवेश नहीं दिया जायेगा तथा बायोमेट्रिक हाजिरी कराई जाएगी। केन्द्र प्रतिनिधि डॉ. अश्वनी कुमार ने केन्द्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों को परीक्षा संपन्न होने के बाद पैकिंग की जानकारी दी। एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की जा रही है और इन कर्मियों की निगरानी में परीक्षार्थियों को केन्द्र पर प्रवेश दिया जायेगा। संचालन डॉ.  मोहन चन्द्र तिवारी और धन्यवाद ज्ञापन उपसमन्वयक प्रो गंगाराम मिश्र ने किया।

ये भी पढ़ें -Kangana Ranaut Slapped : ...तब कहां थे नैतिकताएं पढ़ाने वाले लोग, CISF महिला के सपोर्ट में उतरे पहलवान बजरंग पूनिया

 

 

 

संबंधित समाचार