Unnao: हिन्दू संगठन ने पकड़ा प्रतिबंधित मांस से लदा स्लाटर हाउस का फ्रीजर कंटेनर, पुलिस पर मिलीभगत का आरोप
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लिये सैंपल
उन्नाव, अमृत विचार। दही औद्योगिक क्षेत्र साइट-वन में संचालित एक स्लाटर हाउस में बिहार प्रांत से पहुंचे दो फ्रीजर कंटेनर को हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया। जिसके बाद कंटेनर में प्रतिबंधित मांस लोड होने की सूचना पर पहुंची पुलिस पर आरोप लगा हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता मांस का सैंपल कराकर जांच कराने की बात पर अड़ गए। वहीं कार्रवाई न किये जाने पर आत्मदाह करने की चेतावनी भी दी। इसके बाद सीओ सिटी व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहुंचकर सैंपल करवाए और जांच के लिये भेजे हैं।
बता दें बिहार प्रांत से पीछा करते हुए हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता शुक्रवार सुबह जिले के दही औद्योगिक क्षेत्र स्थित रुस्तम स्लाटर हाउस पर रघुवंश मणि त्रिवेदी, नीरज सिंह, दुर्गेश पांडेय, सतपाल, संजय सिंह सहित आधा सैकड़ा से अधिक हिंदू संगठन के लोग पहुंच गए। स्लाटर हाउस के बाहर खड़े दो कंटेनर में प्रतिबंधित मांस लदा होने की बात कह कर हंगामा कर दही पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर दही थाना प्रभारी अनुराग सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और हिंदू संगठन के लोगों को समझाने का प्रयास किया। मगर वे नहीं माने। उनका कहना था कि डाक्टरों की टीम गठित कर कंटेनर में लदे मांस की सैंपलिंग कराकर लैब भेजा जाए। जब मामला काबू से बाहर होने लगा तो थाना प्रभारी ने अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर वहां पहुंची सीओ सिटी सोनम सिंह ने दोनों कंटेनर को थाने पर खड़ा करवाया और उच्चाधिकारियों से वार्ता की।
इसके बाद सीवीओ डा. शिवमूर्ति प्रसाद ने तीन डाक्टरों की टीम गठित की। जिसमें पशु चिकित्साधिकारी डा. मनीष अवस्थी, नरेंद्र वर्मा, विमल कुमार को जांच के लिए थाने भेजा। पुलिस ने हिंदू संगठनों की मौजूदगी में दोनों कंटेनरों को खुलवाकर दो-दो मांस के पैकेट निकलवाए। इसके बाद टुकड़े काटकर सैंपल लिया गया। डॉक्टर द्वारा सैंपल लेने के बाद पैकिंग में हो रही देरी को देखते हुए हिंदू संगठन एक बार फिर भड़क गया। पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
हिंदू संगठन के लोगों का आरोप था कि उनके पास जानकारी आई है कि तीन कंटेनर केशनगंज बिहार जो पश्चिम बंगाल की सीमा है। वहां से उन्नाव स्थित रुस्तम स्लाटर हाउस के लिए प्रतिबंधित मांस लेकर निकले थे। इसके बाद हिंदू संगठन नजर बनाए हुए थे। जैसे ही यह कंटेनर उन्नाव में स्लाटर हाउस पहुंचे तो उन लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। लेकिन, तब तक स्लाटर हाउस के लोगों ने एक कंटेनर को खाली करवा लिया।
इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले तो मामले को टालने का प्रयास किया। लेकिन जब संगठन के कार्यकर्ता आत्महत्या करने की धमकी देने लगे तो पुलिस ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद मामले का संज्ञान लेकर डीएम गौरांग राठी ने पूरे मामले को देखते हुए जांच टीम गठित कर दी है। इस बारे में सीओ सिटी सोनम सिंह ने बताया कि मीट की सैंपलिंग कराई गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
