Chitrakoot: डीजे सिस्टम बंद करने को कहने पर पुलिस पार्टी पर हमला...पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मियों को आईं चोटें, 18 पर FIR

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में डीजे सिस्टम बंद करने को कहने पर पुलिस पार्टी पर हमला

चित्रकूट, अमृत विचार। बर्थडे पार्टी के दौरान देर रात तक बज रहे म्यूजिक सिस्टम (डीजे) को बंद कराने गए पुलिसकर्मियों पर गुस्साए घरवालों ने हमला कर दिया। वाहन पर पत्थरबाजी की और खदेड़ लिया। अन्य थानों की पुलिस पहुंची तो उसके साथ भी मारपीट की गई। इसमें छह पुलिसकर्मियों को चोटें आने की जानकारी मिली है। पुलिस ने 18 लोगों के खिलाफ नामजद और लगभग 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। 13 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। 

जानकारी के मुताबिक, मामला भरतकूप थाना क्षेत्र के रौली कल्याणपुर गांव का है। बताते हैं कि यहां वजनी मोड़ के पास एक घर में शुक्रवार की रात बर्थडे पार्टी चल रही थी। इस दौरान तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम चलाया जा रहा था। इससे आसपास के लोगों को दिक्कत हुई तो किसी ने थाने में शिकायत कर दी।

इस पर पीआरवी के राहुल कुमार और रामकरन बाइक से मौके पर पहुंचे। पता चला कि फूलचंद्र वर्मा के घर पार्टी चल रही है। पुलिस के मुताबिक, इनको डीजे बंद करने को कहा गया तो घर में मौजूद महिलाएं और पुरुष पुलिसकर्मियों से अभद्रता पर उतारू हो गए। आरोप है कि इन लोगों ने पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनने का प्रयास किया। 

पहुंची कई थानों की पुलिस

गांववालों का उपद्रव और बवाल की आशंका भांप पुलिसकर्मियों ने थाने में सूचना दी। इस पर भरतकूप थाना प्रभारी प्रवीण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद भी ग्रामीण नहीं माने और तेज आवाज में डीजे बजाने लगे। आरोप तो यहां तक है कि इन लोगों ने पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी, सब्बल आदि से हमला कर दिया। पुलिस के वाहनों पर पत्थरबाजी की।

इस पर उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया। कर्वी कोतवाली के साथ पहाड़ी, बहिलपुरवा थानों और शिवरामपुर और सीतापुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सिटी राजकमल ने मोर्चा संभाला। बाद में एसपी अरुण कुमार सिंह और एएसपी चक्रपाणि त्रिपाठी भी पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किया। भारी पुलिस बल को देखकर आरोपी ग्रामीण भाग निकले। एसपी ने बताया कि डीजे बंद कराने को लेकर ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई करने का प्रयास किया। पुलिस पार्टी पर पथराव किया। 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।   

कई पुलिसकर्मियों को आईं चोटें 

इस दौरान ग्रामीणों ने जमकर बवाल काटा। आरोप तो यहां तक है कि थाना प्रभारी की वर्दी फाड़ दी। एक सिपाही सतीश यादव के 5300 रुपये और घड़ी छीन ली। बवाल से आसपास दहशत छा गई। लगभग दो घंटे तक लोग घरों में दुबके रहे। इसमें थाना प्रभारी प्रवीण सिंह को भी चोटें आईं। सिपाही राहुल के अलावा सतीश यादव, दीपिका, शिखा, नरेंद्र सिंह घायल हुए।  

इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट

जानकारी के मुताबिक, पुलिसकर्मी राहुल की तहरीर पर भरतकूप थाने में रौली कल्याणपुर निवासी इंदू प्रसाद, सुशील, मन्नू, उमाशंकर उर्फ कल्लू, पान कुमारी पत्नी महेश निवासी लुहिया, सुलता पत्नी फूलचंद्र और कंचन पत्नी सुशील के अलावा मनोज कुमार, नीरज, रोहित निवासी मनकीपुरवा मजरा जमालपुर (बांदा), सर्वेश निवासी महोखर जमालपुर (बांदा), सूरज निवासी मनीपुर गिरवां (बांदा), नीलम पत्नी उमाशंकर निवासी रौली कल्याणपुर, राजरानी पत्नी इंद्रभवन निवासी मनीपुर आदि कुल 18 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। लगभग 20 लोग अज्ञात आरोपी हैं।

पुलिस पर फंसाने का लगा आरोप

उधर, घटना का दूसरा पहलू भी है। आरोपी फूलचंद्र का कहना है कि पुलिस उसे और उसके परिवारी और रिश्तेदारों को जबरन फंसा रही है। पुलिसकर्मियों ने रुपयों की मांग की थी और जब देने से इंकार किया था तो महिलाओं से अभद्रता करने लगे थे। उसका कहना था कि घटना का एक पक्ष ही देखा जा रहा है और हमारी बात नहीं सुनी जा रही।

ये भी पढ़ें- Etawah Crime: चेन स्नेचिंग गिरोह के दो सदस्य पुलिस मु़ठभेड में गिरफ्तार...एक के पैर में लगी गोली, लूट का माल बरामद

 

संबंधित समाचार