गोंडा : तालाब सौंदर्यीकरण कार्य में लगे श्रमिकों को पुलिस ने दौड़ाया
भगदड़ के बीच एक श्रमिक का मासूम बेटा ट्रक की चपेट में आकर घायल
करनैलगंज/ गोंडा, अमृत विचार : तालाब सौंदर्यीकरण में लगे मनरेगा मजदूरों को शनिवार को भंभुआ पुलिस ने दौड़ा लिया। पुलिस के दौड़ाने से मची भगदड़ में एक मनरेगा मजदूर का सात वर्षीय बेटा एक ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गया। घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वही मामले में ग्राम प्रधान ने पुलिस पर जबरन काम रुकवाने का आरोप लगाया है।
करनैलगंज ब्लाक के ग्राम पंचायत कोनहटा में मनरेगा योजना के तहत दो दिन से तालाब सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। तालाब के बगल ही गोंडा लखनऊ हाइवे से सटी कुछ लोगों की जमीन भी है। गांव के ही कुछ लोंगों ने इस जमीन पर कब्जा किये जाने की शिकायत पुलिस से की थी। शनिवार को पुलिस ने मौके पर जाकर ग्राम प्रधान के पति से तालाब के कार्य को बंदकर दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया था। पुलिस के जाने के करीब दो घंटे बाद कोनहटा के छतौनी निवासी कल्लू व उनकी पत्नी ने पुलिस से शिकायत की कि काम बंद नहीं हुआ है।
आरोप लगाया कि उनकी हाइवे से सटी महंगी जमीन को जानबूझकर कब्जा किया जा रहा है। ऐसा रहा तो वह हाइवे पर लेट जायेंगे। इस शिकायत पर पुलिस फिर से मौके पर पहुंची तो वहां पुलिस और श्रमिकों के बीच काम बंद कराने को लेकर नोकझोंक हो गयी। पुलिस ने सभी को दौड़ाया तो भगदड़ मच गयी। इस भगदड़ के बीच कोनहटा छतौनी निवासी सोनू का सात साल का बेटा अभिषेक भी भागा लेकिन सकल पर पहुंचते ही वह ट्रक की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। कोनहटा की ग्राम प्रधान गीता देवी व उनके पति राजू का आरोप है कि पुलिस मनरेगा कार्य को रोकने गई थी।
मजदूरों के साथ अभद्रता करते हुए उन्हे दौड़ाया गया और काम बंद करा दिया गया। वहीं भंभुआ पुलिस चौकी प्रभारी भानु सिंह का कहना है कि तालाब से लगी अन्य खातेदारों की जमीन है, जो गोंडा हाइवे से सटी है। इस जमीन को हड़पने को लेकर साजिश हो रही है। वह शिकायत पर जांच करने एक बार सुबह ही गए थे, कार्य रोककर दोनों पक्षों को समाधान दिवस में मामलों को सुलझाने के लिए कहा लेकिन प्रधान पक्ष थाने नहीं आया।
जो नही आये न ही कार्य को बंद किया। जब पुलिस दोबारा मौके पर गयी तो वहां लोग पुलिस से ही उलझने लगे। पुलिस ने सभी को मौके से हटा दिया। इसी बीच हाइवे पर खड़ा बालक अभिषेक सड़क पार करने लगा जो ट्रक से टकराकर घायल हो गया, जिसकी तहरीर भी मिली है। जांच की जा रही है। कोतवाल निर्भय नारायण सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस पर लगाए गए आरोप निराधार है।
यह भी पढ़ेः सीएम योगी ने मंत्रिपरिषद के साथ की बैठक, नहीं पहुंचे दोनों डिप्टी सीएम
