मुरादाबाद : दवा लेने जा रही शिक्षिका की स्कूटी में रोडवेज बस ने मारी टक्कर, मौके पर ही मौत
प्राथमिक विद्यालय मूंढपांडे में सहायक अध्यापक थीं गीता मिश्र, सुगर की दवा लेने निकली थीं, मुधबनी पार्क के सामने रोडवेज बस ने पीछे से स्कूटी में मारी ठोकर, सड़क पर गिरने से फटा सिर
मुरादाबाद, अमृत विचार। भाई के साथ दवाई लेने जा रही शिक्षिका की स्कूटी में रोडवेज बस ने पीछे से टक्कर मार दी। महिला स्कूटी से उछल कर स्कूटी के आगे आकर सड़क पर गिर गई। उसका सिर फट गया। स्कूटी गिरने से उनके भाई के पैरों में चोट आई है, जबकि शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर काफी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। गनीमत रही ट्रैफिक व सिविल पुलिस के जवानों ने स्थिति को संभाल लिया और हादसे में शामिल बस को भी रोक लिया था।
घटना रविवार दोपहर कांठ रोड पर मधुबनी पार्क के सामने हुई। धामपुर डिपो की बस मुरादाबाद में आकर रोडवेज बस की तरफ जा रही थी। उधर, सोनकपुर स्टेडियम के सामने भारत गैस एजेंसी वाली निवासी गीता मिश्रा पत्नी अजय शंकर मिश्र अपने तेहरे भाई सुनील गोयल के साथ डॉक्टर के यहां जा रही थीं। उन्हें सुगर की समस्या थी। इसी दौरान हादसा हुआ। सुनील गोयल ने बताया कि वह स्कूटी चला रहे थे और उनकी बहन पीछे सीट पर बैठी थी। उसी दौरान धामपुर डिपो पीछे से तेज रफ्तार से आ रही थी और उसने उनकी स्कूटी में पीछे से ठोकर दी।
इससे स्कूटी तेजी से आगे बढ़ी और गीता मिश्रा पीछे की सीट से उछलकर सामने सड़क पर आ गिरीं। स्कूटी भी अनियंत्रित होकर गिरकर सड़क पर फिसल गई। इस कारण उनके भी हाथ-पैरों में चोट लग गई। गीता मिश्रा मूंढपांडे प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक थीं, उनके पति अजय शंकर मिश्र जिला न्यायालय में स्टोनो पद से सेवानिवृत्त हैं। मृतक गीता के परिवार में एक बेटा शिवांश मिश्र है, जो घर पर ही रहकर अकाउंट का काम देखता है।
घटना में घायल सुनील गोयल जल निगम में अकाउंट अनुभाग में कर्मचारी थे। वह सेवानिवृत्त हो चुके हैं। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंच सिविल लाइन थानाध्यक्ष राम प्रसाद शर्मा ने बताया कि गीता मिश्रा के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उधर, हादसे में शामिल धामपुर डिपो की रोडवेज बस को लाकर थाने में खड़ा कराया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में घटना के अन्य कारण की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : TMU में BBA छात्र ने किया सुसाइड, बॉयज हॉस्टल के कमरे में लटका मिला शव...प्रेमिका से हुई थी नोकझोंक?
