अग्निकांड : संदिग्ध परिस्थितियों में घर में लगी आग, 11 लोग झुलसे

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

दमकलकर्मियों में घर में फंस लोगों को बाहर निकाल आरएलबी अस्पताल में कराया भर्ती

देर शाम पारा थानाक्षेत्र अंतर्गत देवपुर इलाके में आग लगने से मची अफरा-तफरी

अमृत विचार, लखनऊ। पारा थाना अंतर्गत देवपुर संतोषी नगर रविवार देर शाम एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इस अग्निकांड में एक परिवार के करीब 11 लोग फंस गए। परिवारिक सदस्यों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे दमकर्मियों ने उन्हें बाहर निकाल तालकटोर स्थित आरएलबी (रानीलक्ष्मी बाई अस्पताल) के बर्न वार्ड में भर्ती कराया है। इनमें तीन लोगों की हालत बेहद नाजुक बताई गई है। जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल रेफर कर दिया है।

सीएफओ (मुख्य शमन अधिकारी) मंगेश कुमार के मुताबिक, देर शाम दमकल विभाग के कंट्रोल रूम पर देवपुर संतोषी नगर में एक मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर आलमबाग फायर स्टेशन से दो गाड़ियां रवाना की गई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से दमकलकर्मियों ने मकान में लगी आग पर काबू पाया।

इसके साथ ही मकान में फंसे एक परिवार के करीब 11 सदस्यों को बाहर निकाला। एफएसओ आलमबाग ने बताया कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इस अग्निकांड में प्रकाश सोनी, क्षमा सोनी, अंशु वर्मा, शोभित वर्मा, तनु सोनी, मनु सोनी, अक्षत वर्मा, रुचि सोनी, आध्या वर्मा, अस्तित्व वर्मा और अर्जुन भारतीय झुलस गए है। इन सभी को रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है। इनमें से रुचि सोनी व आध्या वर्मा  की हालत नाजुक बताई जा रही हैं। उन्हें सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया है। 


पाइप फैक्ट्री में लगी आग, तीन टैंकर पानी से डेढ़ घंटे में पाया काबू

बंथरा स्थित सरोज फैक्ट्री में रविवार दोपहर फैक्ट्री में रखी पाइप में आग लग गई। लपटें और धुआं देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर काबू पाने से आसपास बड़ा नुकसान होने से बच गया।

एफएसओ सरोजनीनगर सुमित कुमार सिंह के मुताबिक, रंजीत सिंह नाम के व्यक्ति ने आग लगने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही एक गाड़ी के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक प्लास्टिक पाइप में लगी आग विकराल रूप ले चुकी थी। जो तेजी से बगल के गोदाम तक फैल रही थी। आग को फैलने से रोकने का प्रयास करने लगे। तब तक आलमबाग, हजरतगंज और पीजीआई फायर स्टेशन से गाड़ियां पहुंच गईं। एफएसओ ने बताया कि गाड़ियां आने के बाद तीन डिलीवरी लाइन से 8 हौज फैलाकर करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। बताया समय रहते आग पर काबू न पाया जाता नजदीकी एप्पल वेयरहाउस और अन्य वेयरहाउस को चपेट में लेने की आशंका थी। बताया कि वेयर हाउस टाटा पावर और बीपी लाजिस्टिक पाइप के थे। इसके मालिक सुरेश रस्तोगी हैं। फैक्ट्री मालिक के अनुसार आग लगने का कारण पता लगाया जा रहा है। उन्होंने लाखों का नुकसान होने की बात कही है।

गीजर में लगी आग, दमकल ने पाया काबू

गोमतीनगर के ओमेक्स हाइट अपार्टमेंट में रविवार को कुमुद राय के फ्लैट में आग लग गई। लपटें और धुआं निकलता देख अंदर मौजूद लोग भाग कर बाहर निकले। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने एक टैंकर पानी से आग पर काबू पा लिया। एफएसओ गोमतीनगर ने गीजर शार्ट सर्किट से आग लगी थी। आग की चपेट में आने से बाथटब और अन्य सामान जल कर राख हो गया।

यह भी पढ़ेः लखनऊः ईशान ने जेईई एडवांस में हासिल की 346वीं रैंक

संबंधित समाचार