Bareilly News: प्रेमी युगल ने निगला जहरीला पदार्थ, युवती की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/कैंट, अमृत विचार। कैंट थाना क्षेत्र के गांव बुखारा में रविवार को प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। प्रेमिका की घर पर ही मौत हो गई, जबकि प्रेमी की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सीओ सिटी प्रथम पंकज श्रीवास्तव समेत फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना क्षेत्र के गांव बुखारा निवासी अलाउद्दीन अंसारी की बेटी जैनब (20) का तीन साल से पड़ोस में रहने वाले रेहान सैफी (22) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक दूसरे से निकाह करना चाहते थे, लेकिन उन दोनों के परिवार वाले इसके लिए राजी नहीं थे। युवक के परिजनों ने छह माह पहले बदायूं के वजीरगंज क्षेत्र की रहने वाली युवती से उसकी शादी तय कर दी थी।

दो जुलाई को उसकी बरात जानी थी। रविवार सुबह करीब 4:30 बजे युवक ने युवती को अपने घर बुला लिया, जहां दोनों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसकी भनक परिजनों को नहीं हुई। युवती की घर पर ही मौत हो गई, युवक की हालत बिगड़ी तो परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मौके से पुलिस ने सल्फास के रैपर बरामद किए हैं। आशंका है कि दोनों ने सल्फास का सेवन किया है। फील्ड यूनिट टीम ने जुटाए गए साक्ष्यों को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा है।

ये भी पढे़ं- Bareilly News: मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने की खुशी में जश्न, मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी की आतिशबाजी

 

संबंधित समाचार