शाहजहांपुर: बीजेपी नेता की दुकान से नगदी समेत लाखों के जेवर चोरी, व्यापारियों में दहशत
मिर्जापुर, अमृत विचार। स्टेट हाईवे किनारे स्थित भाजपा नेता की दुकान से रविवार रात चोरों ने नगदी समेत लाखों के जेवर चोरी कर लिए। चोर छत पर चढ़कर जीने के सहारे नीचे उतरे और जीने में लगी खिड़की तोड़कर दुकान में दाखिल हो गए और फिर दुकान से नगदी जेवर लेकर फरार हो गए।
सुबह मुनीम के साथ दुकान पहुंचने पर भाजपा नेता को जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जल्द घटना का खुलासा किए जाने का आश्वासन दिया है। वहीं इस घटना से व्यापारी दहशत में हैं।
मिर्जापुर में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रेमनारायण गुप्ता उर्फ छुट्टन की फर्रुखाबाद-मुरादाबाद स्टेट हाईवे पर बिल्डिंग मेटेरियल व ज्वैलर्स की दुकान है और गल्ले की आढ़त भी है। सोमवार सुबह करीब सात बजे वह अपने मुनीम नीरज के साथ दुकान पर पहुंचे। उन्होने नीचे से जीने का गेट खोला तो देखा कि अंदर जीने से दुकान के लिए जा रही खिड़की खुली थी तथा तिजोरी व गोलक टूटी पड़ी थी। जिसमें रखे रुपये और जेवर गायब थे।
स्टेट हाईवे किनारे भाजपा नेता की दुकान में चोरी की जानकारी लगते ही नगर के व्यापारियों की मौके पर भीड़ लग गई। व्यापारी ने बताया कि उसने शुक्रवार को बैंक से तीन लाख सड़सठ हजार रुपये निकाले थे, जिन्हें उसने तिजोरी में रख दिया था और बिक्री के नब्बे हजार रुपये गोलक में रखे थे। इसके अलावा दुकान में सोने-चांदी के जेवर भी रखे थे, चोर नगदी के साथ-साथ जेवर भी चोरी कर ले गए।
भाजपा नेता ने बताया कि नगदी के अलावा चोरी गए सोने-चांदी के जेवर की कीमत भी करीब तीन लाख रुपये है। मामले सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विनोद कुमार तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भाजपा नेता से मामले की जानकारी कर मौका मुआयना किया। उन्होंने चोरों की सुरागरसी कर जल्द घटना का खुलासा किए जाने का आश्वासन दिया। वहीं घटना को लेकर व्यापारियों में दहशत है।
व्यापारियों ने थाने पहुंचकर घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है। इस दौरान अखिलेश गुप्ता , राजन गुप्ता, आर्येंद्र गुप्ता, लालाराम गुप्ता, अजय वर्मा, अतुल वर्मा, कौशलेंद्र सिंह रघुवंशी, वीरेंद्र कुशवाहा, देवनारायण, संतोष गुप्ता समेत दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।
पुलिस गश्त करती रही, चोर माल खंगालते रहे
व्यापारियों ने बताया कि नगर में और स्टेट हाईवे पर पुलिस की गश्त बनी रहती है लेकिन इसके बाद भी चोरी की घटना हो जाती है, तो इसमें कहीं न कहीं पुलिस की लापरवाही है। चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद चोर हाईवे पर या कस्बे की गलियों से ही निकले होंगे। यदि पुलिस सजग होती तो चोरी करने वाले रात में ही पकड़े जा सकते थे।
घटनास्थल के पीछे रात भर होता रहा खनन
रविवार रात स्टेट हाईवे पर स्थित बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान के पीछे रास्ते से रातभर मिट्टी खनन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजरते रहे। चोर अपने काम में लगे रहे। मजे की बात रही कि रात भर आवाजाही होने के बाद भी चोरों ने लाखो की चोरी की घटना को अंजाम दे डाला।
मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली है, मामले की जांच के साथ ही चोरों की सुरागरसी की जा रही है, जल्द से जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।-विनोद कुमार तोमर, थाना प्रभारी
ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: मतगणना के दौरान भाजपाइयों की धड़कनें होने लगी थीं तेज...जब फंसने लगा चुनाव, क्या रही वजह?
