Unnao News: नवीन मंडी में पानी की किल्लत, RO प्लांट बने शोपीस, व्यापारियों व दुकानदारों से होती है लाखों की आय
नवीन मंडी में पानी की किल्लत आरओ प्लांट बने शोपीस
उन्नाव, अमृत विचार। तेज धूप और भीषण गर्मी में नवीन मंडी के व्यापारी पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। मंडी परिसर में लाखों की लागत से लगे आरओ प्लांट खराब पड़े होने से किसान व व्यापारी खरीद कर पानी पीने को मजबूर है। जबकि, इन्हीं किसानों और व्यापारियों से मंडी को रोजाना लाखों की आय होती है।
करोड़ों रुपये के टर्नओवर वाली नवीन मंडी की व्यवस्था बदहाल है। व्यापारियों व किसानों में कल्लू, रजा मोहम्मद आसिफ, सुल्तान, कमलेश, विमल, अकरम अली, निर्मला देवी, हेमलता, बिंदेश्वरी देवी ने बताया कि मंडी समिति से कई बार पानी की समस्या को लेकर शिकायत की गई। लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती।
लंबे समय से वाटर कूलर बनवाने की मांग की जा रही हैं। लेकिन मंडी की स्थिति यह है कि यहां के व्यापारी रोजाना 60 से 70 जार पानी खरीद कर पीते हैं। थोक नवीन फल व सब्जी मंडी में रोज मंगतखेड़ा, बिछिया, नवाबगंज, शुक्लागंज, अचलगंज, माखी, परियर, सफीपुर, हसनगंज व कानपुर नगर सहित अन्य जिलों के व्यापारी फल, सब्जी व गल्ला खरीदने और बेचने आते हैं।
यहां फल की एक दर्जन दुकानें, सब्जी की 20 से 30 दुकाने और गल्ले की 3 से 4 दुकानें हैं। लेकिन, सुविधाओं के नाम पर नवीन मंडी बदहाल है। साफ-सफाई की सुचारु व्यवस्था मंडी में न होना आम है। लेकिन, इस तेज गर्मी में व्यापारियों के लिए सबसे बड़ी समस्या पीने के पानी की है।
मंडी प्रशासन की तरफ से पेयजल के लिए टंकी बनाई गई है। जिसमें कई दिन का पानी एकत्र रहता है। यहां एक दो हैंडपंप छोड़कर अधिकतर खराब हैं। यहां आने वाले व्यापारियों का कहना है कि वे लोग कई बार मंडी प्रशासन से खराब आरओ प्लांट सही करवाने की मांग की है। लेकिन मंडी प्रशासन ध्यान नही देता है।
क्या बोले जिम्मेदार…
मंडी सचिव सुधीर सिंह ने बताया कि नए आरओ प्लांट लगवाने के लिए बजट की मांग की गई हैं। बजट आने पर जल्द आरओ प्लांट लगवाएं जाएंगे।
ये भी पढ़ें- उन्नाव जंक्शन अब बनेगा अमृत स्टेशन, ध्वस्तीकरण शुरू, स्थानीय स्तर पर अधिकारी नहीं बना रहे कैंप कार्यालय
