Bareilly : हर्ष फायरिंग में मौत मामले में रिपोर्ट, दो लोगों को हिरासत में लिया
बरेली, अमृत विचार। निकाह के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से युवक की मौत मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम काे भी लगाया गया है।
सुभाषनगर थाना क्षेत्र के सिठौरा से रविवार रात सिरौली थाना क्षेत्र के गांव शिवपुरी में बरात गई थी। इसी बीच अरविंद ने हर्ष फायरिंग कर दी। जिसमें सड़क पार खड़े रिजवान निवासी सिठौरा के माथे में गोली जा लगी। जिसके बाद वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। घटना के बाद फायरिंग करने वाला मौके से भाग गया और बरात में भी भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को लेकर अस्पताल गई लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को रिजवान का पोस्टमार्टम होने के बाद पुलिस की मौजूदगी में उसे गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक कर दिया, जबकि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
चाचा ने लगाया रंजिश में हत्या का आरोप
पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे रिजवान के चाचा इरशाद ने बताया कि उनके पड़ोस से बरात गई थी। बरात में रिजवान, अरविंद समेत चार से पांच लोग साथ में गए थे। अरविंद की कार से ही सभी लोग बारात में गए थे। बरात पहुंच भी नहीं सकी थी कि गाड़ी से उतरते ही अरविंद ने गोली चला दी। आरोप है कि अरविंद के पास अवैध हथियार था। उन्होंने किसी रंजिश के चलते गोली मारने का आरोप लगाया है। इरशाद ने बताया कि आरोपी ने रास्ते में शराब भी पी थी।
पुलिस अधीक्षक अंशिका वर्मा ने बताया कि दक्षिणी हर्ष फायरिंग में गोली चलने से रिजवान की मौत हो गई। अरविंद ने हर्ष फायरिंग की थी। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और सर्विलांस की टीम को लगाया गया है। राशिद और दानिश से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
