बरेली रायफल क्लब में बनेगी 25 मीटर शूटिंग रेंज
बरेली, अमृत विचार। बरेली रायफल क्लब में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 25 मीटर शूटिंग रेंज बनाई जाएगी। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने इसकी पहल की है। ‘अमृत विचार’ के सुझाव और शूटरों की मांग पर जिलाधिकारी ने 25 मीटर शूटिंग रेंज बनाने के लिए बरेली स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों से भी बात कर ली …
बरेली, अमृत विचार। बरेली रायफल क्लब में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 25 मीटर शूटिंग रेंज बनाई जाएगी। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने इसकी पहल की है। ‘अमृत विचार’ के सुझाव और शूटरों की मांग पर जिलाधिकारी ने 25 मीटर शूटिंग रेंज बनाने के लिए बरेली स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों से भी बात कर ली है। मंडलायुक्त और सीईओ ने भी रायफल क्लब में बहुद्देशीय भवन बनाने के सुझाव को स्वीकार कर लिया है।
बहुद्देशीय भवन के भू-तल में करीब नौ फीट ऊंची शूटिंग रेंज और प्रथम तल पर बड़ा हाल बनाने की योजना है ताकि जिम समेत अन्य खेल गतिविधियां भी संचालित की जा सकें। जिलाधिकारी ने बताया कि रायफल क्लब को और विकसित करने की योजना है। क्लब की धनराशि से छोटा ही कार्य कराया जा सकता है। इसलिए स्मार्ट सिटी से बहुद्देशीय हाल बनाने का प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है।
25 मीटर शूटिंग रेंज बनने से राष्ट्रीय फलक पर चमकेंगे बच्चे
शूटिंग में भविष्य ढूंढ रहे बच्चों के सपनों को उड़ान देने के लिए 25 मीटर रेंज की जरूरत है। बरेली के कई राष्ट्रीय स्तर के निशानेबाजों से बात हुई। सभी का मानना है कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। हुनरमंद बहुत हैं लेकिन 25 मीटर रेंज नहीं होने के चलते वे लोग पीछदे रह जाते हैं जो बाहर रहकर तैयारी करने का खर्च वहन करने में सक्षम नहीं हैं। उनका कहना है कि यह रेंज बनने से जो बच्चे शूटिंग में आगे बढ़ने की सोच रहे हैं उन्हें राष्ट्रीय फलक पर पहचान बनाने में मदद मिलेगी।
अमृत विचार ने प्रमुखता से उठाया था 25 से 50 मीटर रेंज का मुद्दा
दैनिक ‘अमृत विचार’ ने 20 अक्टूबर के नगर संस्करण में शूटरों की मांग को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसमें प्रशासन को सुझाव दिया गया था कि 10 मीटर नहीं, भविष्य बनाने के लिए 25 और 50 मीटर की शूटिंग रेंज चाहिए। इसमें उन मांगों को भी उठाया गया जिनकी वजह से शूटर आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। प्रकाशित खबर को बतौर सुझाव समझते हुए जिलाधिकारी ने 25 मीटर रेंज बनाने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
