Prayagraj murder: पुरानी रंजिश में युवक को मारी तीन गोली, मौत
बारा/नैनी/ प्रयागराज, अमृत विचार। तीन महीने पहले होली पर हुए विवाद को लेकर शुक्रवार की सुबह एक बार फिर दो पक्षों में विवाद हो गया। बात बढ़ी और एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर अवैध असलहे से फायरिंग कर दी। युवक को कंधे हाथ और सिर में गोली लगी जिसके चलते युवक जमीन पर गिर पड़ा। वही हमलावर मौके से भाग निकले। आनन फानन में घायल युवक को अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना बारा थाना क्षेत्र के भेलांव गांव में शुक्रवार सुबह की है।
जानकारी के मुताबिक भेलांव निवासी मनीष मिश्र (28) पुत्र संतोष मिश्र एक प्रॉपर्टी डीलर के ड्राइवर थे। गांव के ही राजेश पांडेय पुत्र श्यामाकांत पांडेय का पिछले 3 महीने पहले होली पर किसी बात को लेकर दोनो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। जिससे दोनों पक्षों में आये दिन तनाव बना रहता था। शुक्रवार की सुबह मनीष अपने पिता के साथ खेत में नर्सरी लगाने की तैयारी कर रहा था। उस दौरान राजेश वहां पहुंचा और विवाद शुरू कर दिया। राजेश और मनीष के बीच बहस हो रही थी। इसी बीच राजेश ने अवैध असलहे से मनीष पर फायरिंग कर दी। जिससे मनीष को तीन गोली लगी और वह जमीन पर खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। उधर हमलावर मौके से भाग निकले। साथ में रहे पिता ने शोर मचाया तो मौके पर ग्रामीण भी पहुंचे और मनीष को आनन फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची बारा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही घरवालों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। मृतक के पत्नी सहित दो पुत्री और एक पुत्र हैं। मृतक दो भाईयों में बड़े थे। घटना के बारे में थाना प्रभारी बारा विनोद कुमार ने बताया की दोनो पक्षों में पुरानी रंजिश थी। होली के समय पर विवाद हुआ था। कुछ प्रापर्टी का विवाद भी सामने आया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा लिखा जा रहा है। जल्दी गिरफ्तारी की जाएगी।

मनीष ने पुलिस को पहले ही बताया था जान का खतरा
तीन माह पूर्व हुए विवाद के बाद मनीष ने बारा थाना पर जान का खतरा बताते हुए शिकायत भी की थी। जिसमें पुलिस ने शन्ति भंग में दोनों पक्षों को पाबंद किया था। इसके अलावा राजेश के लाइसेंसी बंदूक को थाने पर जमा करा दिया था।
क्रिमिनल माइंड का है आरोपी
मनीष को गोली मारने वाला आरोपी राजेश क्रिमिनल माइंड का है। उसने गलत संगत के चलते अपनी कई सम्पत्तियों को बेच दिया है। होली में हुए विवाद के बाद मामला सुलझ गया था। लेकिन राजेश के सीने में खुन्नस की आग सुलग रही थी। जिसको लेकर राजेश ने मनीष को गोली मार दी।
वर्जन -
दोनों के बीच पुराना विवाद था। उस विवाद में दोनों परिवार में सुलह हो गयी थी। सभी अपने अपने काम करते थे। राजेश नशे का आदी था। उसने नशे के कारण अपनी प्रापर्टी बेच डाली थी। उसके दिमाग में क्या चल रहा था। जिसके कारण उसने घटना को अंजाम दे दिया। फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है। -श्रृद्धा नरेंद्र पाण्डेय, डीसीपी यमुनानगर
ये भी पढ़ें -कुवैत अग्निकांड: वायु सेना का विमान 45 भारतीयों के शव लेकर कोच्ची पहुंचा
