बरेली: बिना हाल जाने संक्रमितों को स्वस्थ मान शासन को रिपोर्ट भेज रहा विभाग
बरेली,अमृत विचार। जिले में करीब 79.6 फीसद कोरोना संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। अधिकारियों को भले ही यह आंकड़ा सुकून देता हो लेकिन इसके पीछे की हकीकत कुछ और ही है। दरअसल, जो लोग स्वस्थ हुए हैं, उनमें अधिकतर होम आइसोलेट थे। उन्हें दस दिन बाद स्वत: ही स्वस्थ मानकर डाटा अपडेट कर शासन को …
बरेली,अमृत विचार। जिले में करीब 79.6 फीसद कोरोना संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। अधिकारियों को भले ही यह आंकड़ा सुकून देता हो लेकिन इसके पीछे की हकीकत कुछ और ही है। दरअसल, जो लोग स्वस्थ हुए हैं, उनमें अधिकतर होम आइसोलेट थे। उन्हें दस दिन बाद स्वत: ही स्वस्थ मानकर डाटा अपडेट कर शासन को भेज दिया जाता है जबकि होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों की स्थिति बेहतर नहीं होती। हाल ही में कई ऐसे मामले आए है जिनमें संक्रमितों की होम आइसोलेशन के दौरान ही मौत हो गई।
केस- 1
सुभाष नगर निवासी 36 वर्षीय युवक की रिपोर्ट सितंबर में पॉजिटिव आई थी। युवक की तीन सौ बेड अस्पताल के एल-1 में भर्ती था लेकिन उस युवक को सातवें दिन घर भेज दिया गया। दूसरे दिन युवक ने आरटीपीसीआर से जांच कराई तो वह संक्रमित निकला। इसके बाद वह होम आइसोलेट हो गया लेकिन विभागीय आंकड़ों में वह स्वस्थ है।
केस- 2
वीर सावरकर नगर निवासी अधेड़ भी सितंबर में ही पॉजिटिव पाए गए थे। उन्होंने भी होम आइसोलेशन का विकल्प चुना। दस दिन बाद उन्हें होम आइसोलेशन ओवर वाले कालम में डालकर स्वस्थ मान लिया गया लेकिन आरटीपीसीआर रिपोर्ट के मुताबिक वे अभी भी संक्रमित है।
होम आइसोलेशन में हुई मौतें
– होम आइसोलेशन के दौरान भुता के सिमरा निवासी महिला की मौत हुई।
– कोहाड़ापीर निवासी वृद्ध की मौत भी होम आइसोलेशन के दौरान हुई।
– सिविल लाइंस निवासी वृद्ध की मौत होम आइसोलेशन में हुई।
एक नजर आंकड़ों पर
4188 लोग अब तक स्वस्थ हुए
6630 लोगों का होम आइसोलेशन खत्म
7073 लोग अब तक होम आइसोलेट हुए
443 लोग वर्तमान में होम आइसोलेट हैं
11596 लोग अब तक संक्रमित
