भीषण गर्मी के बीच 30,618 मेगावाट पहुंची UP में बिजली की डिमांड, तापमान में राहत के आसार नहीं
लखनऊ, अमृत विचार। समूचे उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। कानपुर, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट समेत कई जिले तापमान में इजाफे का रिकॉर्ड बना चुके हैं। शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में दोपहर 3 बजे के करीब तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी तकरीबन एक हफ्ते तक गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। इस सबके बीच प्रदेश में बिजली की डिमांड 30,618 मेगावाट पहुँच चुकी है। बताते चलें कि बीते दिन ये डिमांड 30,240 मेगावाट थी जिसमें आज इजाफा हुआ है। यूपीपीसीएल से जुड़े अभियंताओं का कहना है कि लोकल फाल्ट को छोड़ दें तो पूरे प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति करने के निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। अतिरिक्त बिजली का प्रबंध भी संस्थान की तरफ से किया गया है।
भीषण गर्मी के बीच निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों को लगाया गया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक कर प्रदेश में विद्युत आपूर्ति को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। प्रदेश के कई इलाकों में ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने के लिए उनपर कूलर लगाए गए हैं, साथ ही उपभोक्ताओं से बिजली बचाने के लिए विभाग अनुरोध भी कर रहा है।
स्कूलों में बधाई गईं गर्मी की छुट्टियां
यूपी में भीषण गर्मी को देखते हुए परिषदीय स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां 24 जून तक के लिए बढ़ा दी गई हैं। वहीं, बच्चों के लिए स्कूल 28 जून तक बंद रहेंगे। बता दें कि भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षक संगठनों ने गर्मी की छुट्टियां बढ़ाने की मांग की थी। इस संबंध में महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा ने आदेश जारी कर दिया है।
ये भी पढ़ें -स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां 24 जून तक बढ़ाई गईं, बच्चों के लिए 28 जून तक बंद रहेंगे विद्यालय
